रामायण में हर व्यक्ति का धर्म बताया गया: मुख्यमंत्री केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वाल्मीकि जयंती के अवसर पर यहा मंदिर मार्ग स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। सीएम केजरीवाल ने इस दौरान मंदिर में दूर-दराज से आए वाल्मीकि समाज के साधु-संतों को भी सुना। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण लिखकर एक तरह से भगवान राम के बारे में पूरी दुनिया को बताया। रामायण बहुत अच्छा ग्रंथ है। रामायण के अंदर हर प्रकार के व्यक्ति के धर्म को बताया गया है। उन्होंने कहा, “अगर हम भगवान वाल्मीकि के जीवन और उनके बताये संदेश को थोड़ा भी अपने जीवन में धारण कर लें, तो बहुत बड़ा काम होगा।”

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 23 अक्टूबर को दिल्ली सरकार त्यागराज स्टेडियम में भगवान वाल्मीकि का प्रकटोत्सव बहुत बड़े स्तर मनाएगी। दिल्ली सरकार की तरफ से इस समारोह में सभी दिल्लीवासी आमंत्रित हैं। इससे पहले, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी वाल्मीकि मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि आज भगवान वाल्मीकि के प्रकटोत्सव के अवसर पर हम सब लोग अगर उनके जीवन से और उनके बताए हुए संदेश को थोड़ा भी अपने जीवन में धारण कर लें, तो बहुत बड़ा काम होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “भगवान वाल्मीकि ने एक तरह से भगवान राम को पूरे संसार के सामने रखा। अगर रामायण नहीं लिखी जाती, तो भगवान राम को कौन जानता था। भगवान वाल्मीकि ने रामायण लिख कर एक तरह से भगवान राम के बारे में पूरी दुनिया को बताया। रामायण बहुत अच्छा ग्रंथ है। जैसा कि एक राजा का धर्म है, अपनी प्रजा की उपासना करना। अपनी प्रजा को खुश रखने के लिए और अपनी प्रजा को ठीक रखने के लिए जो भी कदम उठाने की जरूरत है, वह सारे कदम उठाना। रामायण के अंदर हर प्रकार के व्यक्ति के धर्म को बताया गया है। एक भाई का क्या धर्म है, एक पत्नी का क्या धर्म है, एक पिता का क्या धर्म है, एक बेटे का क्या धर्म है, एक राजा का क्या धर्म है और एक प्रजा का क्या धर्म है? रामायण में यह सब बहुत ही अच्छे तरीके से बताया गया है।”

Related Articles

Back to top button