वेटलिफ्टर बिंदियारानी देवी ने जीता सिल्वर, राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने दी बधाई

बर्मिंघम: भारत की बिंदियारानी देवी ने भारोत्तोलन में महिलाओं की 55 किलोग्राम श्रेणी में देश को रजत पदक दिलाया और इसी के साथ राष्ट्रमंडल खेलों की इस प्रतियोगिता में भारत के पदकों की संख्या बढ़कर चार हो गई. मीराबाई चानू के स्वर्ण पदक जीतने के बाद 23 वर्षीय बिंदियारानी ने स्नैच वर्ग में 86 किलोग्राम वजन उठाकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बाद क्लीन एंड जर्क में 116 किलोग्राम वजन उठाकर इन खेलों का रिकॉर्ड बनाया.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रजत पदक जीतने पर बिंदियारानी को बधाई दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कहा, ‘राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में महिलाओं के 55 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतने पर बिंदियारानी को बधाई. आपने खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और खेल का स्तर बढ़ाने के लिए जोश के साथ प्रदर्शन किया. हर भारतीय को आपकी सफलता से खुशी मिली है.’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारोत्तोलक बिंदियारानी देवी को ब्रिटेन के बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने पर बधाई दी. प्रधान मंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि यह उपलब्धि उनके तप की अभिव्यक्ति है और इसने हर भारतीय को बहुत खुश किया है. पीएम मोदी ने रविवार सुबह ट्वीट किया, ‘सीडब्ल्यूजी, बर्मिंघम में रजत पदक जीतने के लिए बिंद्यारानी देवी को बधाई. यह उपलब्धि उनके तप की अभिव्यक्ति है और इसने हर भारतीय को बहुत खुश किया है. मैं उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देता हूं.’

Related Articles

Back to top button