फिरोजाबाद को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दी 600 करोड़ से ज्यादा की सौगात
आगरा । प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। गुरुवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने फिरोजाबाद जनपद को 600 करोड़ रुपये से अधिक की सौगातें दी हैं। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस धनराशि से जिले में कई बड़े विकास कार्य होंगे। गौरतलब है कि फिरोजाबाद को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता रहा है। पिछले चुनाव में यहां भाजपा ने बढ़त हासिल की थी।फिरोजाबाद में गुरुवार दोपहर पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभा से पहले 661 करोड़ की परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण और शिलान्यास किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा आज खुशी की बात है कि 143 परियाेजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हो रहा है। 661 करोड़ के अलावा 925 करोड़ की परियोजनाएं पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। टूंडला रेलवे स्टेशन से17 किमी सड़क चौड़ीकरण, मक्खनपुर खैरगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण, फतेहाबाद फिरोजाबाद मार्ग, नगला भाऊ के बच्चू बाबा रोड निर्माण की घोषणा करता हूं, ये काम 125 करोड़ के हैं। देश प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। इससे लूटने वालों के चेहरे की हवाइयां उड़ी हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा के सुशासन से विपक्षी हैरान हैं। सपा की गुंडा सरकार और भाजपा की सरकार का अंतर जनता जान रही हैं। यदि आपने 2017 में मौका नहीं दिया होता तो सपा का गुण्डाराज चल रहा होता। डिप्टी सीएम बोले हम विकास करते हैं। 2014 में मोदी सरकार बनी है तब से अब तक मोदी जी ने कभी छुट्टी ली है क्या। हर गरीब की किस्मत बदलने वाला नेता मोदी है। किसानों को एक साल में छह हजार रुपया पहुंचाने वाला नेता मिला है। यदि भ्रष्टाचारियों को मौका दिया होता तो लूट होती। आप सब के आर्शीवाद से गरीबों के घरों में खुशहाली आई है।



