प्रयागराज में एक ही परिवार के पांच लोगों की नृशंस हत्या, युवती से दुष्किर्म की आशंका
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दिल को दहला देने वाली घटना हुई है।थरवई थाना क्षेत्र के वजीरपुर गांव में एक ही परिवार के 5 लोगों की धारदार हथियार से नृशंस हत्या की गई है।इतना ही नहीं आरोपियों ने घर में आग लगा दी।एक बच्ची बच गई, हत्यारों ने उसे नहीं मारा।परिवार का एक बेटा बच गया है,क्योंकि घटना के समय वह घर में नहीं था।शादी समारोह में शामिल होने गया था।घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
बताया जाता है कि वजीरपुर गांव के रहने वाले राजकुमार यादव खेती कर परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार रात सभी घर में सो रहे थे।जबकि बेटा प्रयागराज शहर में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। इसी बीच रात को बदमाशों ने घर में घुसकर चार लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी और सामान लूट कर भाग गए। शनिवार सुबह घटना की जानकारी हुई।पुलिस को घटना की जानकारी प्रदीप कुमार यादव ने दी। प्रदीप ने पुलिस को बताया कि उनके भाई और भाभी की किसी ने हत्या कर दी है।इसके साथ ही परिवार के तीन अन्य लोगों की भी हत्या कर दी गई है।सामूहिक हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
परिवार में इनकी हुई हत्या
परिवार के मुखिया राजकुमार यादव (55)
2- कुसुम पत्नी राजकुमार यादव (52)
3- मनीषा (दिव्यांग) पुत्री राजकुमार यादव (23)
4- मीनाक्षी पुत्री राजकुमार यादव (22)
5- बहू सविता पत्नी सुनील (25)
पुलिस ने जताई दुष्कर्म की आशंका
पुलिस बहू और बेटी के साथ दुष्कर्म की आशंका जता रही है। मृतक महिलाओं के कपड़े अस्त व्यस्त मिले हैं।घटना के बाद पुलिस ग्रामीण और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है।
5 लोगों की हत्या के बाद हड़कंप मच गया
एडीजी प्रयागराज जोन प्रेम प्रकाश ने बताया कि शुरुआती जांच से लग रहा है कि लूट के इरादे से आए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है।आशंका है कि उन्होंने सुबूत मिटाने के उद्देश्य से घर में आग लगा दी,हालांकि बारीकी से जांच की जा रही है।मौके पर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड की टीम जांच कर रही है।
मायावती ने ट्वीट कर की घटना की निंदा
बसपा मुखिया मायावती ने प्रयागराज की घटना पर ट्वीट करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक ही परिवार के 5 लोगों की निर्मम हत्या की खबर अति-दुःखद, निन्दनीय और चिन्ताजनक है।सरकार घटना की तह में जाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
अखिलेश ने ट्वीट कर कही ये बात
सपा मुखिया अखिलेश यादव प्रयागराज में हुई घटना पर ट्वीट करते हुए कहा कि भाजपा 2.0 के राज में यूपी डूबा अपराध में आज का अपराधनामा।
आपको बता दें कि आज से 7 दिन पहले पिछले शनिवार को भी प्रयागराज में इसी तरह दिल को दहला देने वाली घटना हुई थी।खागलपुर गांव में भी एक ही परिवार के 5 लोगों की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल थे।पुलिस के अनुसार पत्नी और तीन बच्चों के शव बेड पर पड़े मिले थे। पत्नी और तीनो बच्चों की गला काटकर हत्या की गई थी।पति का शव बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिला था।पुलिस इस मामले की हर एक एंगल से जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि 42 वर्षीय मृतक राहुल तिवारी अपनी 38 वर्षीय पत्नी प्रीती और तीन बेटियों माही, पीहू और पोहू के साथ खागलपुर में किराए के मकान में रह रहा था।मूल रूप से यह परिवार कौशांबी का रहने वाला था।



