सिलिंडर फटने से 5 घायल
उज्जैन आज सुबह सिलिंडर में ब्लास्ट होने से पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। घटना जीवाजीगंज थानाक्षेत्र के खाकचौक चौराहे पर हुआ। यह धमाका सुबह 6.15 उस वक्त हुआ जब गुब्बारे बेचने वाला सिलिंडर से गुब्बारों में हवा भर रहा था। ब्लास्ट के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं एक बच्चे की हालत ज्यादा गंभीर होने पर इंदौर रेफर किया गया है।बता दें कि हर रविवार उज्जैन के चौक में सैर सपाटा मेला लगता है। यहां लोग बड़ी संख्या में बच्चों के साथ पहुंचते हैं। आज भी यहां पर बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसी दौरान अल सुबह गुब्बारे भरने वाले सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना भयानक था कि आसपास की दीवार टूट गई। वहीं पास में खड़ी कार को भी नुकसान पहुंचा। ब्लास्ट की खबर लगते ही बीडीएस की टीम और थाना जीवाजीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। सीएसपी आश्विन नेगी ने बताया कि 5 लोग घायल हुए जिसमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। आठ वर्षीय नक्श नामक बच्चे की हालत गंभीर है। उसे इंदौर रेफर कर दिया गया है। अन्य सभी घायलों का इलाज उज्जैन में चल रहा है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अगर घटना में किसी तरह की लापरवाही हुई है तो जरूरी कार्रवाई की जाएगी।