36 क्रय केंद्रों पर धान खरीद प्रारंभ, 1 नवंबर से 28 फरवरी तक क्रय केंद्रों पर की जाएगी खरीद

पूरी ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ क्रय केंद्रों पर की जाए धान खरीद-जिलाधिकारी

बलरामपुर।1 नवंबर से प्रारंभ हो रही धान खरीद को पूरी पारदर्शिता एवं इमानदारी के साथ किए जाने के लिए बैठक जिलाधिकारी डॉ महेंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
जनपद में 1 नवंबर से 28 फरवरी तक 36 क्रय केंद्रों पर कॉमन धान के लिए 2040 रुपय प्रति कुंतल एवं ग्रेड के लिए 2060 रुपए प्रति कुंतल की दर से खरीद की जाएगी। सभी क्रय केंद्र प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक खुले रहेंगे। क्रय केंद्रों पर दो इलेक्ट्रॉनिक कांटा, एक नमी मापक यंत्र, एक विनोइंग फैन,डबल जाली का झलना व एनालिसिस किट रखी जाएगी।
क्रय केंद्रों पर किसानों का धान पहले आओ पहले पाओ के सिद्धांत पर किया जाएगा। धान की खरीद ई-पॉप मशीन के माध्यम से की जाएगी। क्रय केंद्र पर धान बेचने वाले कृषकों को 48 घंटे के भीतर उनके बैंक खाते में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। क्रय केंद्र पर हाइब्रिड धान विक्रय करने वाले कृषकों को हाइब्रिड बीज प्रमाण पत्र एवं घोषणा पत्र देना होगा। कृषक अपनी सुविधानुसार अपने जनपद के किसी भी क्रय केंद्र पर अपना धान टोकन प्राप्त कर धान विक्रय कर सकेंगे। इसके अलावा कृषक अपनी सुविधानुसार अपने समीपतम अन्य जनपद के क्रय केंद्र पर भी धान विक्रय कर सकते हैं। सभी क्रय केंद्रों पर धान खरीद की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। यह जानकारी बैठक में डिप्टी आरएमओ नरेंद्र कुमार तिवारी द्वारा दी गई।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा क्रय केंद्रों पर धान खरीद हेतु समस्त तैयारियां पूर्ण कर लिए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों पर बेसिक सुविधाएं उपलब्ध हो। क्रय केंद्र पर बैनर, बोरो की उपलब्धता, कृषकों के लिए बैठने व पेयजल की व्यवस्था आदि सुनिश्चित की जाए। समस्त उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार क्रय केंद्रों का भ्रमण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगें। जिलाधिकारी ने कहा कि धान क्रय केंद्रों पर पूरी पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ धान क्रय किया जाए। धान क्रय केंद्र पर किसान भाई को धान विक्रय करने के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े। धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी राम अभिलाष, समस्त क्रय केंद्र प्रभारी, जिला समन्वयक, पीसीएस, यूपीएसएस भारतीय खाद्य निगम उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button