81 लोगों का तीसरा शस्त्र लाइसेंस हुआ निरस्त
इन असलहों को जमा कराने का प्रशासन ने किया दावा
रायबरेली।शासन के आदेश से असलहा का लाइसेंस रखने वालों को झटका लगा है। आदेश पर प्रशासन ने तीन असलहा का लाइसेंस रखने वालों का एक लाइसेंस निरस्त कर दिया है। ऐसे लोगों के असलहे को जमा कराने का भी दावा प्रशासन ने किया है। शासन ने असलहें के बढ़ते शौक पर अंकुश लगाने के लिए तीन शस्त्र का लाइसेंस रखने वालों का एक लाइसेंस निरस्त कर दिया है। शासन ने एक व्यक्ति को अधिकतम दो लाइसेंस रखने की छूट बरकरार रखी है। आदेश पर हुई छानबीन में जिले में तीन असलहें का लाइसेंस रखने वाले 104 लोग पाए गए थे।जिनमें से 81 लोगों का तीसरा लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है जबकि 23 लोगों पर यह कार्रवाई लंबित है।
अधिकारियों के मुताबिक 81 लोगों का एक लाइसेंस निरस्त होने के बाद अब जिले में 23 लाइसेंस बचे हैं। एक लाइसेंस निरस्त करने के बाद डीएम ने ऐसे लोगों को अपना एक असलहा जमा करने का निर्देश दिया था।शस्त्र लाइसेंसों का निरस्त होना जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए जिले में लगातार कार्रवाई हो रही है। ऐसी स्थिति में यह कार्रवाई भी जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
क्या बोले जिम्मेदार
” जिले में 104 शस्त्र धारकों के पास ही तीसरा शस्त्र लाइसेंस था इनमें से 81 लोगों का तीसरा लाइसेंस निरस्त किया जा चुका है शेष की निरस्तीकरण की कार्रवाई चल रही हैं।”
पल्लवी मिश्रा
सिटी मजिस्ट्रेट, रायबरेली



