adevertisment Adevertiisment banner

कड़ी निगरानी के साथ शुरू हुई 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा

कानपुर। उप्र बोर्ड की हाईस्कूल एवं बारहवीं की परीक्षाएं गुरुवार सुबह से अपने निर्धारित समय पर शुरू हो गईं। छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ परीक्षा केन्द्र पर पहुंचे। कानपुर में हाईस्कूल के 51 हजार 541 और इंटरमीडिएट के 49 हजार 278 छात्र परीक्षा दे रहे हें। यह परीक्षा 131 केंद्रों पर कराई जा रही है। उप्र बोर्ड की परीक्षाएं चार मार्च तक चलेंगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि परीक्षा में फिलहाल कोई समस्या नहीं है। नकल माफियाओं पर कड़ी निगरानी की जा रही है। यदि कहीं कोई मामला सामने आता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केन्द्रां पर पर पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि पहली बार एक भी संवेदनशील या अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। पहले दिन हाईस्कूल हिंदी, इंटरमीडिएट हिंदी और सैन्य विज्ञान के पेपर हैं। परीक्षा कक्षों में रोल नंबर स्लिप आदि लगाकर सिटिंग अरेंजमेंट किया गया है। वहीं परीक्षा से एक दिन पहले ही छात्रों के अभिभावक परीक्षा केन्द्र देखने आते रहे ताकि उन्हें परीक्षा के दिन किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।

तलाशी के बाद छात्रों को दिया जा रहा है प्रवेश

परीक्षा केंद्र या कक्ष में प्रवेश करते समय तलाशी हो रही है। इस बार कड़े निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षार्थियों के जूते-मोजे नहीं उतरवाए जाएं। यदि किसी छात्र की परीक्षा के दौरान तबीयत खराब होती है तो केंद्र व्यवस्थापक को जानकारी देकर उसका प्राथमिक उपचार नजदीक के किसी प्राथमिक उपचार केंद्र पर कराया जाएगा।

नकल विहीन परीक्षा हेतु 15 हजार से अधिक लगे है कक्ष निरीक्षक

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए 15 हजार से अधिक कक्ष निरीक्षक माध्यमिक शिक्षा के 7078 शिक्षिकाएं और 6846 शिक्षक कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं। इसमें परिषदीय विद्यालयों से 971 शिक्षिकाएं और 859 शिक्षक शामिल हैं।

ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कालेज में बना है कंट्रोल रूम

शहर के सभी 131 परीक्षा केंद्रों को ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज स्थित ऑनलाइन कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। कंट्रोल रूम से ही ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। यह कंट्रोल रूम लखनऊ स्थित स्टेट कंट्रोल रूम से जुड़ा हुआ है। अब तक नगर में पांच मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button