दिवाली के दीयों से जगमगाई ब्रिटेन की संसद

ब्रिटेन संसद के जुबली हॉल में श्री राम जानकी सेवा के तत्वाधान में मनाई गई भव्य दीपावली, जहां ब्रिटिश सांसदों और भारतीय समुदाय ने मिलकर उत्सव मनाया।

लंदन। ब्रिटेन की संसद के ऐतिहासिक हाउस ऑफ कॉमन्स के जुबली हॉल में 23 अक्टूबर को दिवाली का भव्य आयोजन किया गया। श्री राम जानकी सेवा के तत्वावधान में आयोजित इस दीपावली समारोह की गूंज न केवल ब्रिटेन में, बल्कि भारत तक सुनाई दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रिटेन सरकार की एशिया पैसिफिक एवं इक्वालिटी मंत्री सीमा मल्होत्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व प्रकाश, शांति और एकता का प्रतीक है, जो विश्वभर के भारतीयों को एक सूत्र में जोड़ता है।

विशिष्ट अतिथि लॉर्ड करण बिलिमोरिया ने कहा कि ऐसे आयोजन विदेशों में रह रहे भारतीय मूल के बच्चों को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में साउथॉल के पूर्व सांसद वीरेन्द्र शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

दीपावली की शुभकामनाएं दीं

इस अवसर पर ब्रेंटफ़ोर्ड और आइलवर्थ की सांसद रूथ कैडबरी, आक्सब्रिज और साउथ राइसलिप के सांसद डैनी बील्स, ओल्ड बेक्सली और सिडकप के सांसद लुई फ्रेंच तथा हैरो ईस्ट के सांसद और पद्मश्री से सम्मानित बॉब ब्लैकमैन ने सभी अतिथियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढें – पूरे देश में होगा SIR, कल चुनाव आयोग करेगा तारीखों का ऐलान!

भारतीय उच्चायोग, लंदन से डॉ. अनुराधा पांडेय की उपस्थिति रही। इसके अलावा लक्ष्मीनारायण मंदिर के चेयरमैन प्रमोद कड़, काउंसलर कुलदीप टाक, सचिन बंसल, प्रमोद शुक्ला, मृगांक मिश्रा, निधि तिवारी, डॉ. ओम शर्मा, डॉ. कल्पना शर्मा, डॉ. रघु कोटा, डॉ. अमित बाटला, डॉ. अनु तिवारी, कविता पांडेय और प्रीती मिश्रा जैसे अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने कार्यक्रम में शिरकत की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम बने मुख्य आकर्षण

समारोह में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहा, जिसने पूरे हॉल को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में श्री राम जानकी सेवा के संस्थापक राज तिवारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शिरीष तिवारी ने किया। श्री राम जानकी सेवा यूके में सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रही है और भारतीय परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मान दिला रही है।

Related Articles

Back to top button