BJP spokesman aravali: कांग्रेस पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप, अवैध खनन पर कार्रवाई के आंकड़े किए जारी
BJP spokesman aravali: अरावली पर्वतमाला में खनन को लेकर जारी सियासी बयानबाजी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट किया है कि अरावली के एक भी पत्थर को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा और कैलाश वर्मा ने कांग्रेस नेताओं गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली पर जनता में झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस पर तुष्टीकरण और भ्रम फैलाने का आरोप
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति तुष्टीकरण और जनता को गुमराह करने पर आधारित रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने पहले सीएए कानून, फिर एसआईआर और अब अरावली में खनन को लेकर झूठा प्रचार किया है। शर्मा ने भजनलाल सरकार की ओर से प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अरावली के एक भी पत्थर का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
खनन को लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट
रामलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है। अरावली को संरक्षित क्षेत्र के रूप में परिभाषित किया जाएगा और अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जब तक इस परिभाषा के आधार पर कोई ठोस योजना तैयार नहीं हो जाती, तब तक किसी भी प्रकार का नया खनन पट्टा जारी नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस शासन में जारी हुए थे सर्वाधिक पट्टे
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2002 में कांग्रेस सरकार के दौरान अरावली की परिभाषा तय की गई थी और उसी समय सबसे अधिक खनन पट्टे जारी किए गए। 100 मीटर का नियम भी उसी सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने गलत फैसलों को स्वीकार तो करती है, लेकिन भाजपा सरकार को लेकर जनता में भ्रम फैलाने से भी बाज नहीं आ रही।
पर्यावरण संरक्षण पर भाजपा बनाम कांग्रेस
रामलाल शर्मा ने सवाल उठाया कि क्या कभी किसी कांग्रेस नेता ने पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण का अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियान चलाए और 750 एकड़ क्षेत्र में पौधरोपण किया, जबकि कांग्रेस एक भी ठोस उदाहरण नहीं दे सकती।
अवैध खनन पर कार्रवाई के आंकड़े
भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि बीते दो वर्षों में राज्य सरकार ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस दौरान 20,526 प्रकरण दर्ज किए गए, 211.26 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया, 2,228 एफआईआर दर्ज हुईं और 1,175 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 19,744 वाहन और मशीनरी जब्त की गई।
उन्होंने कहा कि अरावली क्षेत्र में ही अवैध खनन रोकने के लिए 10,966 प्रकरण दर्ज किए गए, 136.78 करोड़ रुपये की वसूली की गई, 1,002 एफआईआर दर्ज हुईं, 10,616 वाहन जब्त किए गए और 300 लोगों की गिरफ्तारी की गई।
अरावली की परिभाषा तक नहीं जानती कांग्रेस: कैलाश वर्मा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कैलाश वर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अरावली हिल्स की परिभाषा तक की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है और वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि अरावली का कोई नुकसान नहीं होगा, इसके बावजूद कांग्रेस नेता झूठ और भ्रम फैला रहे हैं।
योजनाओं के नाम बदलने पर भी हमला
कैलाश वर्मा ने कांग्रेस पर योजनाओं के नाम बदलने को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस बात से परेशानी है कि भाजपा ने योजनाओं को भगवान राम के नाम से जोड़ा है, जबकि कांग्रेस ने पहले योजनाओं के नाम एक परिवार के नाम पर रखे थे। उन्होंने आयुष्मान भारत, अन्नपूर्णा योजना और मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना जैसे उदाहरण गिनाए।
BJP spokesman aravali: also read- FIFA World Cup: नेमार की सर्जरी सफल, फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राज़ील टीम में वापसी की उम्मीद
प्रकृति संरक्षण को लेकर सरकार का दावा
भाजपा प्रवक्ताओं ने दावा किया कि भजनलाल सरकार प्रकृति संरक्षण की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है और अरावली पर्वतमाला पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और भ्रम फैलाने की ऐसी कोशिशों को अब स्वीकार नहीं करेगी।



