इटावा। अयोध्या और बाबरी मस्जिद को लेकर मौलाना जर्जिस अंसारी का विवादित बयान, संत समाज ने जताई नाराजगी

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के रहने वाले मौलाना जर्जिस अंसारी एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। अयोध्या और बाबरी मस्जिद से जुड़े उनके हालिया बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। खुद को इस्लामिक गुरु बताने वाले जर्जिस अंसारी ने कहा कि अयोध्या में बनी जमीन को लेकर उनकी अलग राय है और उन्होंने इसे बाबरी मस्जिद की जमीन बताया। उनके इस बयान के सामने आने के बाद अयोध्या के संत समाज ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

अपने संबोधन में जर्जिस अंसारी ने कहा कि अयोध्या की उस जगह को वे पहले भी बाबरी मस्जिद मानते थे और आज भी उसी रूप में देखते हैं। उनका दावा था कि किसी ढांचे के हट जाने से उसकी पहचान खत्म नहीं हो जाती और इतिहास को बदला नहीं जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई जमीन जबरन ले ली जाए तो उससे असली मालिकाना हक खत्म नहीं होता, भले ही उस पर किसी और का कब्जा क्यों न हो। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुसलमानों को लेकर भी टिप्पणी की और पश्चिम बंगाल में जाकर बसने की सलाह दी, जिस पर राजनीतिक और धार्मिक हलकों में प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

उनके बयान के बाद अयोध्या के कई संतों और धार्मिक संगठनों ने नाराजगी जाहिर की। संतों का कहना है कि इस तरह के बयान समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं, इसलिए प्रशासन को मामले का संज्ञान लेना चाहिए। सोशल मीडिया पर भी इस बयान को लेकर बहस तेज हो गई है, जहां कुछ लोग इसे भड़काऊ बता रहे हैं तो कुछ लोग इसे व्यक्तिगत राय करार दे रहे हैं।

Also Read: Finance Ministry DOR Recruitment 2026: रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए सुनहरा मौका, वित्त मंत्रालय में निकली संविदा भर्ती

आखिर कौन हैं मौलाना जर्जिस अंसारी ?
मौलाना जर्जिस अंसारी इटावा के रहने वाले हैं और पहले भी अपने विवादित बयानों की वजह से सुर्खियों में रहे हैं। साल 2022 में महिलाओं को लेकर दिए गए उनके बयान पर भी काफी आलोचना हुई थी। यही वजह है कि उनका नाम अक्सर विवादों के साथ जुड़ता रहा है।

फिलहाल उनके ताजा बयान को लेकर राजनीतिक और धार्मिक माहौल गर्माया हुआ है। प्रशासन की ओर से अभी तक किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले पर नजर बनाए रखने की बात कही जा रही है।

Written By: Kalpana Pandey

Related Articles

Back to top button