Lucknow: लखनऊ में तम्बाकू नियंत्रण पर सख्ती, मुख्य सचिव ने दिए अहम निर्देश

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत राज्य स्तरीय समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने की।

बैठक में सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम 2003 यानी COTPA के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में तम्बाकू विरोधी विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालय स्तर पर भी तम्बाकू के दुष्प्रभावों को पाठ्यक्रम या सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से शामिल किया जाए, ताकि बच्चों में शुरुआती उम्र से ही जागरूकता विकसित हो सके।

मुख्य सचिव ने सभी सरकारी कार्यालयों को तम्बाकू मुक्त घोषित करने के निर्देश दिए। साथ ही, नए शैक्षणिक संस्थानों को मान्यता देते समय “तम्बाकू मुक्त संस्थान” दिशानिर्देशों का पालन अनिवार्य करने पर जोर दिया। युवाओं में तम्बाकू के बढ़ते प्रचलन को रोकने के लिए ग्लैमर आधारित प्रचार को समाप्त करने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की भी बात कही गई।

Also Read: WWE News Today: WWE में वापसी की आहट! ‘द फिनोमिनल वन’ AJ Styles फिर मचा सकते हैं धमाल

स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मरीजों को हर अवसर पर तम्बाकू सेवन न करने की सलाह दें। मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में तम्बाकू निषेध केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया।

इसके अलावा, तम्बाकू विक्रेताओं के लाइसेंसिंग सिस्टम को सख्ती से लागू करने और दुकानों के बीच न्यूनतम 500 मीटर की दूरी तय करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और प्रदेश में तम्बाकू नियंत्रण को और प्रभावी बनाने की रणनीति तय की गई।

Related Articles

Back to top button