Uttar Pradesh: कुल्हड़ बेचने वाले मजदूर पर 1.25 करोड़ की GST मार, साजिश या सिस्टम की चूक?
Uttar Pradesh: रायबरेली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने एक गरीब कारीगर के पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। मिट्टी के बर्तन बनाकर गुजर-बसर करने वाले मोहम्मद शहीद को जीएसटी विभाग की ओर से करीब 1 करोड़ 25 हजार 297 रुपये का नोटिस भेजा गया है। इतनी बड़ी रकम का नोटिस देखकर उनके होश उड़ गए।
मोहम्मद शहीद रायबरेली के रघुवीरगंज बाजार में रहते हैं और पुश्तैनी तौर पर मिट्टी के बर्तन, कुल्हड़ और खिलौने बनाते हैं। वे ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं और इसी काम से अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कभी कोई कंपनी या फर्म नहीं बनाई, न ही किसी साझेदारी व्यवसाय में शामिल रहे। इसके बावजूद उनके नाम पर इतनी बड़ी कर देनदारी कैसे बन गई, यह उनके लिए समझ से परे है।
Also Read: Health & Lifestyle: नाखून टूटते हैं? बस ये 5 सीक्रेट टिप्स अपनाएं और पाएं लंबे, चमकदार नाखून
बताया जा रहा है कि केंद्रीय माल एवं सेवा कर और केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग की ओर से डाक के जरिए यह नोटिस भेजा गया। नोटिस मिलते ही परिवार में घबराहट फैल गई। शहीद का आरोप है कि किसी ने उनके पैन कार्ड का दुरुपयोग कर उन्हें धोखाधड़ी में फंसा दिया है।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और फर्जी नोटिस वापस लेने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मदद नहीं मिली, तो वे इतनी बड़ी रकम किसी भी हालत में नहीं चुका पाएंगे। फिलहाल परिवार न्याय और राहत की उम्मीद में अधिकारियों के दरवाजे खटखटा रहा है।
Written By: Kalpana Pandey



