Health News: महाराष्ट्र में 580 मेनोपॉज क्लीनिक शुरू, महिलाओं को मुफ्त इलाज और काउंसलिंग की सुविधा

Health News: महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने राज्य भर में 580 विशेष मेनोपॉज क्लीनिक शुरू किए हैं, जहां मध्यम आयु की महिलाओं को मुफ्त परामर्श, जांच और दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल 14 जनवरी 2026 से लागू हो चुकी है और अब तक हजारों महिलाएं इसका लाभ उठा चुकी हैं।

सरकारी अस्पतालों और शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में स्थापित इन क्लीनिकों में स्त्री रोग विशेषज्ञों की सलाह, काउंसलिंग, हड्डियों और हृदय से जुड़ी जांच, हार्मोनल समस्याओं की स्क्रीनिंग और आवश्यक दवाएं मुफ्त दी जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मेनोपॉज के दौरान महिलाओं को शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब तक इसके लिए संगठित सरकारी व्यवस्था नहीं थी।

14 जनवरी से 11 फरवरी 2026 के बीच कुल 31,288 महिलाओं की जांच की गई, जिनमें से 30,034 को उपचार दिया गया, जबकि 82 महिलाओं को विशेषज्ञ इलाज के लिए रेफर किया गया। आंकड़े बताते हैं कि इस तरह की सेवाओं की राज्य में बड़ी जरूरत थी।

Health News: कभी स्मोकिंग न करने वालों में भी बढ़ रहा फेफड़ों के कैंसर का खतरा, कोरिया की स्टडी में चौंकाने वाले खुलासे

ये क्लीनिक अकोला, अमरावती, बुलढाणा, वाशिम, यवतमाल, छत्रपति संभाजीनगर, हिंगोली, जालना, परभणी, कोल्हापुर, रत्नागिरी, सांगली, सिंधुदुर्ग, बीड, लातूर, नांदेड़, भंडारा, चंद्रपुर, गडचिरोली, गोंदिया, वर्धा, पुणे, सतारा, सोलापुर, पालघर, रायगढ़ समेत कई जिलों में शुरू किए गए हैं। इसके अलावा मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, मीरा-भायंदर, पनवेल, पिंपरी-चिंचवड़ और वसई-विरार जैसे नगर निगम क्षेत्रों में भी यह सुविधा उपलब्ध है।

इसी के साथ स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबितकर ने महाराष्ट्र पेलिएटिव केयर प्रोग्राम की भी घोषणा की है। इस योजना के तहत कैंसर, हृदय रोग, किडनी, न्यूरोलॉजिकल और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को दर्द से राहत, मानसिक सहयोग, पारिवारिक काउंसलिंग और घर पर देखभाल जैसी सेवाएं दी जाएंगी। एएनएम कार्यकर्ताओं को ऐसे मरीजों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंच सके।

राज्य सरकार का कहना है कि यह कदम महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ी पहल है, जिससे हजारों महिलाओं को राहत मिलेगी और उन्हें मेनोपॉज के दौर में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button