AI Impact Summit 2026: 24 घंटे में ढाई लाख लोगों ने ली एआई जिम्मेदारी की शपथ, भारत ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
AI Impact Summit 2026: नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 के दौरान भारत ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जिम्मेदार उपयोग को लेकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इंडियाएआई मिशन के तहत चलाए गए एआई रिस्पॉन्सिबिलिटी अभियान में केवल 24 घंटे के भीतर 2,50,000 से अधिक लोगों ने शपथ ली। इस उपलब्धि के साथ भारत ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस रिकॉर्ड की घोषणा करते हुए बताया कि 16 से 17 फरवरी के बीच यह अभियान चलाया गया, जिसमें देशभर से छात्रों, शिक्षकों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभियान का मूल उद्देश्य लोगों को एआई का सुरक्षित, पारदर्शी और जिम्मेदार तरीके से उपयोग करने के प्रति जागरूक करना था।
इस पहल के तहत प्रतिभागियों ने एक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शपथ ली। उन्हें डेटा प्राइवेसी, जवाबदेही, पारदर्शिता और फेक सूचना से बचाव जैसे अहम विषयों की जानकारी दी गई। शपथ पूरी करने वालों को डिजिटल प्रमाणपत्र और एआई से जुड़े लर्निंग मॉड्यूल्स तक पहुंच भी प्रदान की गई, ताकि वे इस तकनीक को बेहतर ढंग से समझ सकें।
Also Read: Viral IAS Story: IAS अधिकारी माधव–अदिति ने मिनी सचिवालय में रचाई सादगीभरी शादी, सोशल मीडिया पर वायरल
दिलचस्प बात यह है कि इस अभियान का शुरुआती लक्ष्य केवल 5,000 लोगों तक पहुंचना था, लेकिन 24 घंटे में यह संख्या कई गुना बढ़ गई। इससे साफ है कि भारत में एआई के जिम्मेदार उपयोग को लेकर जागरूकता तेजी से बढ़ रही है।
यह रिकॉर्ड सिर्फ एक संख्या नहीं, बल्कि यह संकेत है कि भारत नई तकनीक को अपनाने के साथ-साथ उसके नैतिक और सुरक्षित उपयोग को भी प्राथमिकता दे रहा है। AI के क्षेत्र में भारत अब वैश्विक मंच पर एक जिम्मेदार और भरोसेमंद देश के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
Written By: Kalpana Pandey



