Akshay-Kumar-अक्षय कुमार स्टारर ‘भूत बंगला’ की नई रिलीज डेट तय
Akshay-Kumar-बालाजी मोशन पिक्चर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भूत बंगला’, जिसमें अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, की रिलीज डेट में बदलाव किया गया है। पहले यह फिल्म 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे एक महीने पहले लाकर 10 अप्रैल 2026 को रिलीज किया जाएगा।
मेकर्स के मुताबिक, रिलीज डेट को आगे लाने का फैसला पूरी तरह रणनीतिक है। इसमें दर्शकों की रुचि, बॉक्स ऑफिस प्रतिस्पर्धा और साल भर में अक्षय कुमार की व्यस्त थिएट्रिकल रिलीज लाइनअप को ध्यान में रखा गया है। फिल्म को ऐसा समय देने की कोशिश की गई है, जब सिनेमाघरों में ज्यादा भीड़ न हो और ‘भूत बंगला’ को पर्याप्त स्क्रीन व दर्शकों का ध्यान मिल सके।
अच्छा खासा बज, जॉनर एंटरटेनर
घोषणा के बाद से ही ‘भूत बंगला’ को लेकर दर्शकों के बीच अच्छा खासा बज बना हुआ है। यह फिल्म अक्षय कुमार को एक दमदार जॉनर एंटरटेनर में पेश करेगी। अक्षय भी इस बात पर खास ध्यान देते हैं कि उनकी हर फिल्म को सिनेमाघरों में पूरा और सही समय मिले, ताकि दर्शक आराम से फिल्म देख सकें और उसकी बॉक्स ऑफिस जर्नी को फॉलो कर सकें।
मजबूत स्टारकास्ट और अनुभवी निर्देशक
‘भूत बंगला’ को बालाजी मोशन पिक्चर्स, जो बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड का एक डिवीजन है, केप ऑफ गुड फिल्म्स के साथ मिलकर पेश कर रहा है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है, जबकि इसे अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता आर कपूर ने प्रोड्यूस किया है। गौरतलब है कि ‘भूत बंगला’ अब 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



