Amarnath Yatra 2026: 3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा, एलजी मनोज सिन्हा ने दी जानकारी
यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरू होगा और श्रद्धालु निर्धारित बैंकों एवं ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां तेज कर दी हैं।
Amarnath Yatra 2026: जम्मू-कश्मीर से बड़ी खबर सामने आई है जहां इस वर्ष की पवित्र अमरनाथ यात्रा की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जानकारी दी कि यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। कुल मिलाकर यह यात्रा करीब 57 दिनों तक जारी रहेगी, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक अवधि की होगी।
इस दौरान श्रद्धालु दो प्रमुख मार्गों से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच सकेंगे। पहला मार्ग अनंतनाग जिले का पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा नुनवान–पहलगाम रूट है, जबकि दूसरा गांदरबल जिले का छोटा लेकिन कठिन 14 किलोमीटर लंबा बालटाल मार्ग होगा।
सरकार ने यात्रा के लिए सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण की प्रक्रिया भी तय कर दी है। श्रद्धालु 15 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। इसके लिए देशभर के कई बैंकों को अधिकृत किया गया है, जिनमें यस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और एक्सिस बैंक शामिल हैं। इसके अलावा ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
यात्रा में शामिल होने के लिए आयु सीमा भी निर्धारित की गई है। केवल 13 से 70 वर्ष की आयु के श्रद्धालु ही इस तीर्थयात्रा में भाग ले सकेंगे। सरकार ने साफ किया है कि इससे कम या अधिक आयु के लोगों को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की बैठक में यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
हर साल लाखों श्रद्धालु इस पवित्र गुफा में स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं और इस बार भी भारी भीड़ की संभावना जताई जा रही है।
Written By: Kalpana Pandey



