RCB New Chairman: IPL में कभी ‘अनजान’ रहा खिलाड़ी, अब RCB का चेयरमैन, आर्यमन बिड़ला की बड़ी एंट्री
RCB New Chairman: इंडियन प्रीमियर लीग में एक बड़ा कॉर्पोरेट बदलाव सामने आया है। आदित्य बिड़ला ग्रुप और टाइम्स ग्रुप के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को करीब 1.78 अरब डॉलर (लगभग 16,700 करोड़ रुपये) में खरीद लिया है। इस डील के बाद टीम के नए चेयरमैन आर्यमन विक्रम बिड़ला होंगे, जबकि वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी सत्यन गजवानी संभालेंगे।
आर्यमन बिड़ला, कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे हैं और खुद एक पूर्व क्रिकेटर रह चुके हैं। 28 वर्षीय आर्यमन ने घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है और 9 फर्स्ट-क्लास मैचों में 414 रन बनाए हैं। उनके करियर का एक यादगार पल ईडन गार्डन्स में बंगाल के खिलाफ लगाया गया शतक रहा।
आईपीएल करियर की बात करें तो आर्यमन 2018 में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बने थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। 2020 से पहले उन्हें टीम से रिलीज़ कर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य कारणों से क्रिकेट से ब्रेक ले लिया।
नई मालिकाना संरचना में कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनमें डेविड ब्लिट्जर और वायरल पटेल जैसे निवेशक भी हैं। यह डील अभी बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मंजूरी पर निर्भर है।
खास बात यह है कि आर्यमन की बहन अनन्या बिड़ला भी इस नई जिम्मेदारी में अहम भूमिका निभाएंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि कॉर्पोरेट और क्रिकेट के इस मेल से RCB को मैदान पर कितनी सफलता मिलती है।
Written By: Kalpana Pandey



