Bangalore Viral Video: रात 3 बजे नई सिटी में फंसी लड़की, बस कंडक्टर और Rapido राइडर बने फरिश्ता
रात 3 बजे बेंगलुरु में फंसी लड़की की मदद के लिए सामने आए दो फरिश्ते। Bengaluru की यह इंसानियत भरी कहानी लोगों का दिल जीत रही है।
Bangalore: देर रात नई सिटी में अकेले पहुंचना किसी के लिए भी डरावना हो सकता है, खासकर तब, जब कोई सुरक्षित साधन न मिले। लेकिन Bengaluru में एक महिला के साथ घटी घटना ने इंसानियत की एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, महिला पहली बार Bengaluru पहुंची थी और एयरपोर्ट से कडुगोडी इलाके की ओर जा रही थी। रात करीब 3 बजे का समय था, जिसके कारण उसे कोई कैब नहीं मिल रही थी। नई जगह, सुनसान माहौल और बढ़ती चिंता के बीच महिला खुद को असहाय महसूस करने लगी।
इसी दौरान वहां मौजूद एक बस कंडक्टर ने इंसानियत दिखाते हुए महिला का साथ दिया। उसने महिला को अकेला नहीं छोड़ा और तब तक वहीं खड़ा रहा, जब तक उसे आगे जाने के लिए सुरक्षित साधन नहीं मिल गया। कंडक्टर की इस छोटी-सी मदद ने महिला को बड़ी राहत दी और उसके डर को काफी हद तक कम कर दिया। कुछ देर बाद वहां एक Rapido राइडर पहुंचा, जिसने महिला को उसके स्थान तक छोड़ने की पेशकश की। जब महिला ने किराया पूछा, तो राइडर ने कहा कि पहले बैठकर लोकेशन डाल लें, किराए की चिंता बाद में कर लेंगे। यह बात सुनकर महिला को थोड़ा भरोसा मिला और वह राइडर के साथ रवाना हो गई।
राइड पूरी होने के बाद, जब महिला ने पैसे देने की बात की, तो राइडर ने बेहद संवेदनशील जवाब दिया। उसने कहा कि इतनी रात में उसे सुरक्षित घर पहुंचाना ज्यादा जरूरी था, और वह जितना उचित समझे, उतना भुगतान कर सकती है। राइडर की इस सोच ने महिला को भावुक कर दिया।
महिला ने इस पूरे अनुभव को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि हर व्यक्ति एक जैसा नहीं होता। दो अनजान लोगों ने उसकी ऐसी मदद की, जिसे वह जिंदगी भर नहीं भूल पाएगी। यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है और लोग बस कंडक्टर और Rapido राइडर की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
Written By: Kalpana Pandey



