लखनऊ : पटाखे बनाते समय बड़ी चूक, धमाकों से गूंज उठा इटौंजा

लखनऊ। इटौंजा में महोना रोड के आस-पास का इलाका बुधवार को धमाकों से गूंज उठा। दरअसल, यहां पर एक पटाखे की दुकान में हथगोले बनाते समय बुधवार सुबह करीब 11 बजे तेज विस्फोट हुआ और आग लग गई। इसके बाद ताबड़तोड़ कई धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई। वहीं, हादसे में चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक इटौंजा क्षेत्र निवासी आरिफ की महोना रोड पर पटाखे की बड़ी दुकान है। बुधवार सुबह आरिफ के साथ ही रहमत, आमिर और इकरार गोदाम में हथगोले और पटाखे बना रहे थे। इस दौरान बारूद भरते समय एकाएक तेज धमाका हुआ और आग लग गई। जिसके बाद में गोदाम में ताबड़तोड़ धमाके होने लगे। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोगों ने दमकल को सूचना दी और पानी फेंककर आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। घटना में दुकानदार आरिफ समेत चार लोग घायल हुए हैं।

सूचना पर दमकल कर्मी, इटौंजा पुलिस और अधिकारी पहुंचे। हादसे में घायल आरिफ, रहतम, आमिर और इकरार को क्षेत्र स्थित अस्पताल ले जाया गया। जहां से घायलों को सिविल रेफर कर दिया गया। डीसीपी उत्तरी कासिम आब्दी ने बताया कि दमकल विभाग जांच कर रहा है। आरिफ के पास दुकान का लाइसेंस भी है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button