नई दिल्ली। जेल में सीएम केजरीवाल, भाजपा ने उठाए सवाल! दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग
नई दिल्ली। दिल्ली में राजनीति एक बार फिर गर्म होती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल में रहने के मुद्दे को लेकर भाजपा ने दिल्ली सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता और भाजपा के अन्य विधायकों ने दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। उनका कहना है कि कई अहम मुद्दों पर चर्चा जरूरी है, इसलिए जल्द से जल्द सदन का सत्र बुलाया जाना चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पिछले करीब पांच महीनों से जेल में हैं, लेकिन उन्होंने पद से इस्तीफा देने की बजाय जेल से ही सरकार चलाने की बात कही थी। ऐसे में सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इस अवधि के दौरान मुख्यमंत्री ने कितने प्रशासनिक फैसले लिए और किन-किन मुद्दों पर निर्णय हुआ। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि इस दौरान कैबिनेट की कितनी बैठकें हुईं और उनमें क्या फैसले लिए गए।
भाजपा ने यह भी सवाल उठाया कि राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण की बैठक लंबे समय से नहीं हुई है, जबकि मुख्यमंत्री इसके अध्यक्ष होते हैं। इसके अलावा छठे दिल्ली वित्त आयोग के गठन में देरी को लेकर भी सरकार पर संविधान के उल्लंघन का आरोप लगाया गया। विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की वित्तीय स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और सरकार को इस पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड में कथित वित्तीय अनियमितताओं, आयुष्मान भारत योजना को लागू न करने और राज्य सरकार से वित्त पोषित कॉलेजों को फंड न देने जैसे मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा। इसके साथ ही दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विकास विश्वविद्यालय, शिक्षक विश्वविद्यालय और खेल विश्वविद्यालय को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग भी की गई। भाजपा का कहना है कि इन सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए विधानसभा का विशेष सत्र जल्द बुलाया जाना चाहिए।
Written By: Kalpana Pandey



