BOARD-EXAM-यूपी बोर्ड परीक्षा : बरेली के 130 केंद्रों में हुई छापामार निगरानी, जिलाधिकारी ने कई विद्यालयों का लिया जायजा
BOARD-EXAM-यूपी बोर्ड हाईस्कूल की अंग्रेजी परीक्षा को लेकर सोमवार को जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। नकल की आशंका के मद्देनजर जिले के सभी 130 परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ उड़नदस्ता टीमों ने दिनभर केंद्रों का औचक निरीक्षण कर गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
सोमवार को प्रथम पाली में आयोजित हाईस्कूल अंग्रेजी परीक्षा में जिले भर से 27,528 छात्र और 22,449 छात्राएं शामिल हुईं। केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि अंग्रेजी, गणित और विज्ञान जैसे विषयों में नकल की संभावना अधिक रहती है, इसलिए विशेष सतर्कता बरती गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब तक किसी केंद्र से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद के सैदपुर कनी भोलापुर स्थित समाज कल्याण इंटर कॉलेज और ग्राम्य विकास इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर व्यवस्थाएं देखीं, परीक्षार्थियों की चेकिंग की और कंट्रोल रूम में सीसीटीवी की लाइव मॉनिटरिंग भी जांची। डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाएं पुलिस सुरक्षा में ही भेजी जाएं।
Read Also-Kumbh Mela-2027: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण



