ब्रजेश पाठक ने सपा पर साधा निशाना, कहा- भाजपा सरकार ने यूपी से खत्म किया माफिया तंत्र

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में माफिया तंत्र समाप्त करने का काम किया है। अपराधी या तो जेल में है या तो प्रदेश छोड़कर चले गए है। उन्होंने कहा कि सपा के नेता एसी कमरों में बैठकर सोशल मीडिया पर राजनीति कर रहे है। उनका जनता से कोई सरोकार नहीं है। ब्रजेश पाठक पाठक ने हरदोई, उन्नाव व लखनऊ में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को सम्बोधित कर रहे थे।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि चहुमुँखी विकास के लिए ट्रिपल इंजन का होना बेहद जरूरी है। मोदी व योगी की डबल इंजन सरकार के साथ जब नगर निकाय का तीसरा इंजन जुड़ेगा तो विकास और भी तेज गति से होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की राज्य की भाजपा सरकार जन अपेक्षाओं को पूरा करते हुए आत्मनिर्भर देश व प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेकर कार्य कर रही है।

सपा की सरकार में गुंडे सपा का झंडा लगाकर कहते थे कि समाजवादी पार्टी का नारा-खाली प्लाट हमारा। अवैध कब्जे और अवैध खनन उत्तर प्रदेश की पहचान थी। लेकिन आज किसी की हिम्मत नहीं कि कोई भी कानून से खेल सके। आज प्रदेश में मां, बहन, बेटी का सम्मान और घर, खेत, खलिहान सुरक्षित है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को आशीर्वाद देकर विकास पथ पर बढ़ते हुए आधुनिक नगरों के निर्माण की गति को निर्वाध बनाइए।

Related Articles

Back to top button