Robot School China: अब रोबोट भी जाएंगे स्कूल! घर का काम हो या फैक्ट्री की ड्यूटी, सब सीख रहे हैं चीन के ह्यूमनॉइड रोबोट
चीन में ह्यूमनॉइड रोबोट्स को दी जा रही असली दुनिया के कामों की ट्रेनिंग, फैक्ट्री से घर तक हर टास्क सीख रहे मशीन
Robot School China: चीन अब सिर्फ ह्यूमनॉइड रोबोट बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें इंसानों की तरह “सीखने” के लिए स्कूल भी खोल रहा है। यह पहल दिखाती है कि रोबोटिक्स अब लैब से निकलकर असली दुनिया में कदम रखने के लिए तैयार हो चुकी है।
दरअसल, चीन अलग-अलग प्रांतों में ऐसे ट्रेनिंग सेंटर चला रहा है, जहां रोबोट्स को बच्चों की तरह बेसिक काम सिखाए जा रहे हैं। इन सेंटरों में रोबोट्स ट्रे उठाना, कपड़े मोड़ना, टेबल साफ करना और शेल्फ से सामान लाना जैसे रोजमर्रा के काम बार-बार करते हैं। इसका मकसद सिर्फ काम सिखाना नहीं, बल्कि हर मूवमेंट से जुड़ा डेटा इकट्ठा करना है, ताकि रोबोट्स को और बेहतर बनाया जा सके।
ह्यूमनॉइड रोबोट्स की ट्रेनिंग पारंपरिक एआई से कहीं ज्यादा जटिल होती है। जहां सामान्य एआई टेक्स्ट या तस्वीरों से सीखता है, वहीं इन रोबोट्स को असली दुनिया के फिजिकल डेटा की जरूरत होती है। इसमें शरीर के जोड़ों की हरकत, ताकत, दबाव, संतुलन और विजुअल इनपुट जैसी बारीक जानकारियां शामिल होती हैं। यही वजह है कि इंसानी ऑपरेटर रोबोट्स के साथ मिलकर एक ही काम को बार-बार दोहराते हैं, ताकि सटीक डेटा तैयार हो सके।
कुछ ट्रेनिंग सेंटर्स में एक साथ 100 तक रोबोट्स को ट्रेनिंग दी जा रही है। ये रोबोट घरेलू कामों के अलावा इंडस्ट्रियल टास्क भी सीख रहे हैं। खासकर ऑटोमोबाइल फैक्ट्री और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को ध्यान में रखते हुए इन्हें तैयार किया जा रहा है, जहां एक ही तरह के काम लगातार दोहराए जाते हैं।
Also Read: IPL 2026: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का तूफान, 15 गेंदों में फिफ्टी से हिला IPL
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में ये रोबोट फैक्ट्रियों में इंसानों के साथ काम करते नजर आएंगे और धीरे-धीरे घरों में भी अपनी जगह बना सकते हैं।
Written By: Kalpana Pandey



