नई दिल्ली: स्पेशल सेल भी बेबस? बिश्नोई गैंग के नाम पर राजधानी में बढ़ी दहशत, बवाना मर्डर के बाद बिश्नोई गैंग ने कारोबारियों को दी खुली धमकी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की सक्रियता को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में कारोबारी वैभव गांधी की गोली मारकर हत्या के बाद गैंग ने अन्य कारोबारियों से कथित तौर पर रंगदारी मांगनी शुरू कर दी है, जिससे व्यापारिक समुदाय में भय का माहौल बन गया है।

सूत्रों के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंग से जुड़े आरोपी रणदीप मलिक ने वेस्ट विनोद नगर के कारोबारी जितेंद्र कुमार गुप्ता उर्फ जीतू और उनके परिवार को व्हाट्सऐप कॉल व मैसेज के जरिए धमकियां दीं। लगातार मिल रही धमकियों के चलते पीड़ित परिवार को दिल्ली छोड़कर कहीं और जाने पर मजबूर होना पड़ा। बताया जा रहा है कि अब उनके रिश्तेदारों को भी धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं।

पीड़ित परिवार का दावा है कि 12 जनवरी की रात करीब 11:50 बजे कुछ बदमाशों ने उनके घर के बाहर दो से तीन राउंड फायरिंग की और 5 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो शूटरों को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन धमकियों का सिलसिला जारी रहने से इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा भले ही जेल में बंद हैं, लेकिन गैंग के अन्य सदस्य विदेश से नेटवर्क संचालित कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि अलग-अलग गैंगों की मदद से दिल्ली के कारोबारियों को निशाना बनाया जा रहा है, जिसमें यमुनापार इलाके में हाशिम बाबा के सहयोगियों की भूमिका सामने आ रही है।

दिल्ली पुलिस, स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि गैंग की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और कारोबारियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Written By: Kalpana Pandey

Related Articles

Back to top button