Business Updates: यूपीआई से आसान होगी PF निकासी, अप्रैल में लॉन्च हो सकता है नया EPFO ऐप
Business Updates: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने करोड़ों अंशधारकों के लिए बड़ी डिजिटल सुविधा लाने की तैयारी में है। जल्द ही पीएफ खाताधारक यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए सीधे अपने बैंक खाते में पीएफ राशि ट्रांसफर कर सकेंगे। श्रम मंत्रालय की योजना के तहत एक नया मोबाइल एप विकसित किया जा रहा है, जिसे अप्रैल के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। इस ऐप का मकसद पीएफ निकासी की प्रक्रिया को तेज, सुरक्षित और पूरी तरह डिजिटल बनाना है।
नई व्यवस्था के अनुसार, EPFO सदस्यों के पीएफ खाते का एक निश्चित हिस्सा सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि शेष राशि यूपीआई के माध्यम से निकासी के लिए उपलब्ध होगी। यूजर ऐप में लॉगिन करके अपने खाते का बैलेंस, पासबुक और ट्रांसफर के लिए उपलब्ध राशि आसानी से देख सकेंगे। लेनदेन को सुरक्षित बनाने के लिए यूपीआई पिन का उपयोग किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया तेज होने के साथ-साथ पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
यह पहल EPFO की डिजिटल सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। फिलहाल पीएफ क्लेम सेटलमेंट में समय लगता है, लेकिन नए ऐप के जरिए दावों के निपटान की प्रक्रिया काफी आसान और तेज हो सकती है। श्रम मंत्रालय इस सिस्टम के जरिए कर्मचारियों को जरूरत के समय तुरंत फंड उपलब्ध कराने की योजना पर काम कर रहा है।
Also Read: नई दिल्ली। भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स शेरपा की पहली बैठक, वैश्विक सहयोग पर मंथन
वर्तमान नियमों के अनुसार, सदस्य के खाते में जमा अंशदान का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा न्यूनतम बैलेंस के रूप में रखा जाता है, जिसे कुछ परिस्थितियों में ही निकाला जा सकता है। वहीं बीमारी, पढ़ाई, शादी या घर निर्माण जैसे मामलों में ऑटो सेटलमेंट की सुविधा पहले से मौजूद है, जिसकी सीमा हाल ही में बढ़ाकर 5 लाख रुपये तक कर दी गई है।
अभी EPFO इस नई यूपीआई आधारित सेवा की टेस्टिंग कर रहा है और इसके लिए डमी अकाउंट्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। माना जा रहा है कि सभी तकनीकी परीक्षण पूरे होने के बाद अप्रैल में एक बड़े लॉन्च इवेंट के साथ इसे आधिकारिक तौर पर पेश किया जाएगा, जिससे पीएफ निकासी पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगी।
Written By: Kalpana Pandey



