Entertainment News:‘घूसखोर पंडत’ विवाद पर मनोज बाजपेयी की सफाई, बोले– किसी समुदाय को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं

Entertainment News: नीरज पांडे के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ अपने टाइटल को लेकर विवादों में घिर गई है। फिल्म के नाम को लेकर उठे विरोध और एफआईआर दर्ज होने के बाद अभिनेता मनोज बाजपेयी ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करना नहीं था और वह लोगों की चिंताओं का सम्मान करते हैं।

दरअसल, फिल्म के टाइटल को लेकर कुछ संगठनों ने आपत्ति जताई थी। आरोप लगाया गया कि नाम के जरिए एक विशेष समुदाय की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है। विवाद बढ़ने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखनऊ के हजरतगंज थाने में फिल्म के डायरेक्टर और टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत में धार्मिक और जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की बात कही गई है।

एफआईआर के बाद मनोज बाजपेयी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा कि जब किसी प्रोजेक्ट से किसी का दिल दुखता है तो रुककर उनकी बात सुनना जरूरी हो जाता है। एक अभिनेता के तौर पर वह सिर्फ अपने किरदार और कहानी को निभाते हैं। उनके मुताबिक, फिल्म का उद्देश्य किसी समुदाय को निशाना बनाना नहीं बल्कि एक इंसान की गलतियों और उसके आत्मबोध की यात्रा को दिखाना है।

Also Read: Ayushman Vandana Card: क्या है आयुष्मान वंदना कार्ड? 70 साल से ऊपर वालों को 10 लाख तक मुफ्त इलाज, जानें अप्लाई करने का तरीका

मनोज बाजपेयी ने डायरेक्टर नीरज पांडे की भी तारीफ करते हुए कहा कि वह फिल्मों को लेकर बेहद गंभीर और संवेदनशील रहते हैं। लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए फिल्ममेकर्स ने फिलहाल फिल्म के प्रमोशनल मटेरियल को सभी प्लेटफॉर्म से हटाने का फैसला लिया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि दर्शकों की चिंताओं को गंभीरता से लिया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि फिल्म में मनोज बाजपेयी ने भ्रष्ट अधिकारी अजय दीक्षित का किरदार निभाया है। फिल्म में नुसरत भरूचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय और दिव्या दत्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है और अब यह भी चर्चा है कि विवाद के चलते फिल्म के नाम में बदलाव किया जा सकता है या नहीं।

Written By: Kalpana Pandey

Related Articles

Back to top button