Entertainment News: विवाद के बाद झुके मेकर्स, मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का बदलेगा नाम
Entertainment News: फिल्ममेकर नीरज पांडे की अपकमिंग फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ अपने नाम को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार विवादों में बनी हुई है। फिल्म के टाइटल को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली, जहां कई लोगों ने इसे ब्राह्मण समुदाय के लिए अपमानजनक बताया। बढ़ते विरोध और कानूनी दबाव के बीच अब फिल्म के मेकर्स ने बड़ा फैसला लेते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में शपथ-पत्र दाखिल कर फिल्म का नाम बदलने की जानकारी दी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के खिलाफ कई जगहों पर एफआईआर दर्ज होने और देशभर में बैन की मांग उठने के बाद मेकर्स ने यह कदम उठाया। फिल्म की रिलीज और उसके टाइटल को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में एक रिट याचिका भी दायर की गई थी। याचिका में कहा गया था कि फिल्म का नाम और उसका प्रचार सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील है और इससे समाज के एक वर्ग की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
फिल्म को लेकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में विरोध प्रदर्शन भी हुए, जहां कुछ संगठनों और ब्राह्मण समुदाय के लोगों ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। उत्तर प्रदेश में डायरेक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज होने के साथ ही कई जगहों पर फिल्ममेकर और अभिनेता मनोज बाजपेयी के पुतले भी जलाए गए। विवाद बढ़ने के बाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए फिल्म के टाइटल पर आपत्ति जताई और इसे सामाजिक सद्भाव के लिए नुकसानदायक बताया।
दरअसल, फिल्म में मनोज बाजपेयी एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। मुंबई में नेटफ्लिक्स के एक कार्यक्रम के दौरान फिल्म की घोषणा और टीजर रिलीज होने के बाद ही इसके नाम को लेकर बहस तेज हो गई थी। संगठन का कहना था कि किसी भी समुदाय या पेशे को नकारात्मक तरीके से पेश करना समाज में गलत संदेश दे सकता है।
फिलहाल मेकर्स के नाम बदलने के फैसले के बाद विवाद थमता नजर आ रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि फिल्म का नया टाइटल क्या होगा और यह फिल्म दर्शकों के बीच कैसी प्रतिक्रिया हासिल करती है।
Written By: Kalpana Pandey



