सोनभद्र। केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोनभद्र में 100 विकास कार्यों का किया शिलान्यास
3 करोड़ 94 लाख 40 हजार की लागत वाले कार्यों से जनपद को मिलेगी नई गति
सोनभद्र। केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज सोनभद्र में सांसद निधि से स्वीकृत 100 विकास कार्यों का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इन कार्यों की लागत 3 करोड़ 94 लाख 40 हजार है।
शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि जनपद सोनभद्र से उनका गहरा रिश्ता है और यह जनपद उन्हें अपने घर जैसा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि आज का दिन उनके लिए अत्यन्त प्रसन्नता का है और जनपद सोनभद्र के विकास की दृष्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण दिन है।
मंत्री ने बताया कि आज शिलान्यास किये गये 64 कार्यों से जनपद के विकास को नई गति मिलेगी और जनपदवासियों के जीवन को अधिक सुखद एवं सुविधाजनक बनाने में योगदान प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि जनपद सोनभद्र आकांक्षी जनपद होने के बावजूद भी प्रधानमंत्री के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में निरंतर योगदान दे रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने बताया कि मंत्री द्वारा सांसद निधि के अंतर्गत कुल 100 विकास परियोजनाएं स्वीकृत करायी गई हैं, जिनमें प्रमुख रूप से 31 सार्वजनिक सोलर पेयजल संयंत्र, 34 सोलर हाईमास्ट लाइट, 20 विद्युत हाईमास्ट लाइट, 06 विद्युतीकरण कार्य, 02 इंटरलॉकिंग कार्य, 02 सड़क/पुलिया, 04 विद्यालयों में भवन निर्माण तथा 01 ओपन जिम शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि इन सभी कार्यों के पूर्ण होने से जनपद के विकास को नई दिशा मिलेगी और आमजन को व्यापक लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी जनपद को उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से निरंतर लाभ मिलता रहेगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने कहा कि मंत्री ने जनपद सोनभद्र को गोद लेकर जनपद के विकास हेतु एक नई रूप रेखा तय की है, जिससे गांवों को सार्वजनिक पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी और पेयजल की समस्या के निराकरण में काफी सहायता उपलब्ध होगी।
Also Read: Breaking News: अयोध्या में महायज्ञ के दौरान भीषण आग, नारियल फटने से धधका पंडाल
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण श्रवण कुमार राय, जिला समाज कल्याण विभाग ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा सहित कार्यदायी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- अमित मिश्रा, सोनभद्र



