Himanchal Weather Alert: जून की बर्फबारी और बारिश का कहर, मनाली की चोटियों पर बर्फ, पांच दिन तक येलो अलर्ट
Himanchal Weather Alert: हिमाचल प्रदेश में जून की शुरुआत भी सर्दी और बारिश के बीच हुई है। राजधानी शिमला और आसपास के मैदानी इलाकों में बीती रात बारिश के बाद रविवार को मौसम साफ बना हुआ है, जबकि मनाली और उसके आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश जारी है। वहीं, मनाली की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं।
राज्य की ऊंची पर्वतमालाओं पर हो रही बर्फबारी के कारण जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के केलंग, कुकुमसेरी और ताबो जैसे इलाकों में तापमान में गिरावट आई है। केलंग में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम है। ताबो और कुकुमसेरी में भी तापमान क्रमशः 5.7 व 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शिमला में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लोकप्रिय पर्यटन स्थल मनाली में पारा गिरकर 12.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है।
चम्बा जिले में आज तड़के बारिश हुई, वहीं किन्नौर में बादल छाए रहे। बीते 24 घंटों के दौरान चम्बा के भरमौर में सर्वाधिक 14 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पांवटा साहिब में 12 मिमी, जतोन बेरेज, चम्बा और कसौली में 7-7 मिमी, चौपाल और जोत में 6-6 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई क्षेत्रों में तेज आंधी भी चली, जिससे बरठीं, नेरी, बिलासपुर, सियोबाग, धोलाकुआं, कुकुमसेरी और ताबो जैसे क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
पांच दिन तक येलो अलर्ट, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 5 जून तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस अवधि के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं (30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) चलने की संभावना जताई गई है।
-
1 और 2 जून: आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, कुछ स्थानों पर गरज-बारिश और तेज हवाएं।
-
3 और 4 जून: अधिक व्यापक रूप से बारिश, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की हवाएं चलने की आशंका।
-
5 जून: गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की पुनः संभावना, येलो अलर्ट जारी।
-
6 और 7 जून: मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, येलो अलर्ट समाप्त हो जाएगा।
Himanchal Weather Alert: also read- MI vs PBKS: आंकड़ों की नजर में किसका पलड़ा भारी? जानिए Head-to-Head रिकॉर्ड
सावधानी जरूरी, प्रशासन ने की सतर्कता बरतने की अपील
मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर बिजली गिरने और आंधी-तूफान के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे खड़े न होने की चेतावनी दी गई है। यात्रियों और पर्यटकों को भी सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी के अनुसार योजना बनाने की सलाह दी गई है।