HOMEGUARD-OFFICE-UP-औरैया में बनेगा जिला होमगार्ड कार्यालय, 4.11 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास

HOMEGUARD-OFFICE-UP-उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के ग्राम सेहुद में 4 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति द्वारा किया गया। मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार होमगार्ड विभाग में ऐतिहासिक बदलाव कर रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशन में होमगार्ड जवानों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में जिला होमगार्ड कमांडेंट कार्यालयों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है, साथ ही मंडल स्तर पर भी कार्यालय बनाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रदेश में पहली बार 44 हजार होमगार्डों की निष्पक्ष भर्ती की जाएगी।

मंत्री ने बताया कि वर्तमान में होमगार्ड जवानों को 600 रुपये प्रतिदिन के मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता जोड़कर 948 रुपये तक पारिश्रमिक दिया जा रहा है। प्रशिक्षण भत्ता बढ़ाकर ड्यूटी भत्ते के बराबर कर दिया गया है और वर्दी भत्ता भी दिया जा रहा है। जवानों को 90 दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण, 21 दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण और 30 दिवसीय अग्रिम शस्त्र प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि यह जनपद के लिए गौरव का विषय है और इससे क्षेत्र में रोजगार व विकास को बढ़ावा मिलेगा।

जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि अब तक यह कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित हो रहा था, लेकिन नए भवन से कार्यक्षमता बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में होमगार्ड कर्मियों के लिए आवास की व्यवस्था भी की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने होमगार्ड जवानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी स्थानीय जानकारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायक होती है। कार्यक्रम के अंत में शिलापट्ट का अनावरण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधारोपण भी किया।

Related Articles

Back to top button