Viral IAS Story: IAS अधिकारी माधव–अदिति ने मिनी सचिवालय में रचाई सादगीभरी शादी, सोशल मीडिया पर वायरल
Viral IAS Story: अलवर में प्रशासनिक सेवा में सादगी और जिम्मेदारी का उदाहरण पेश करने वाली एक कहानी सामने आई है। 2023 बैच के IAS अधिकारी माधव भारद्वाज और अदिति वशन्ये ने बिना किसी शोर-शराबे, बैंड-बाजा या दिखावे के मिनी सचिवालय में अपनी शादी रजिस्टर्ड करवाई। समारोह में जिला कलेक्टर अर्पिता शुक्ला उपस्थित रही, जबकि दूल्हा-दुल्हन के माता-पिता और भाई-बहन ही मुख्य रूप से मौजूद थे।
शादी पूरी तरह सादगीपूर्ण थी। न कोई फैंसी सजावट, न कोई जुलूस, न ही भारी भीड़। माधव और अदिति ने केवल कानूनी औपचारिकताओं के अनुसार माला बदलकर जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। माधव भारद्वाज इस समय अलवर में एसडीएम के पद पर तैनात हैं, जबकि अदिति वशन्ये फिलहाल गुजरात के जामनगर में एसडीएम हैं।
दोनों की मुलाकात IAS ट्रेनिंग के दौरान हुई थी। ट्रेनिंग के समय उनकी दोस्ती ने धीरे-धीरे प्रेम का रूप लिया और परिवार की सहमति मिलने के बाद यह रिश्ता रजिस्टर्ड विवाह में बदल गया। माधव ने बताया कि शादी में सादगी प्राथमिकता थी क्योंकि वे अनावश्यक खर्च और दिखावे के खिलाफ हैं। अदिति उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली हैं और एक व्यापारी परिवार से आती हैं।
देशभर में जहाँ शादी समारोहों में लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं और भव्य आयोजन ट्रेंड बन चुके हैं, वहीं यह IAS जोड़ी अपने फैसले के साथ प्रशासनिक सेवा में जिम्मेदारी और सरलता का संदेश दे रही है। इस सादगीपूर्ण विवाह की कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों के बीच सराहना का विषय बनी हुई है।
Written By: Kalpana Pandey



