IND-NZ- भारत–न्यूजीलैंड ने खेल सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा, 2026 में खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे
IND-NZ-भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल सहयोग को मजबूत करने के लिए मंगलवार को नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने की। इसमें न्यूजीलैंड के खेल प्रतिनिधिमंडल के साथ दोनों देशों के बीच खेल सहयोग बढ़ाने और खेल पारिस्थितिकी तंत्र में साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा हुई।
वर्ष 2026 भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है। इन संबंधों की शुरुआत 1926 में भारतीय सेना की ऐतिहासिक हॉकी टीम के न्यूजीलैंड दौरे से मानी जाती है, जो दोनों देशों के बीच शुरुआती प्रमुख खेल संपर्कों में से एक था।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल में खेल सचिव हरि रंजन राव सहित युवा एवं खेल मामलों के मंत्री, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और भारतीय ओलंपिक संघ के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि शामिल थे।
न्यूजीलैंड के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व खेल एवं मनोरंजन मामलों के सहयोगी मंत्री क्रिस बिशप ने किया। इसमें भारत में न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पैट्रीक जॉन राटा, पूर्व क्रिकेटर रॉस टेलर और स्पोर्ट्स न्यूजीलैंड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रैलेन कैसल सहित कई अधिकारी शामिल रहे।
बैठक में रग्बी, रोइंग, कैनोइंग, सेलिंग, एथलेटिक्स और साइक्लिंग जैसे खेलों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। साथ ही इंडिया–न्यूजीलैंड सेंटेनरी स्पोर्ट्स कोऑपरेशन प्रोग्राम 2026 शुरू करने पर चर्चा हुई, जिसके तहत खेल विकास, उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण, नवाचार और खिलाड़ियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा।
दोनों देशों ने संयुक्त प्रशिक्षण शिविर, कोचिंग एक्सचेंज, खेल विज्ञान और प्रदर्शन विश्लेषण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया। इसके अलावा न्यूजीलैंड के कोच विकास मॉडल को राष्ट्रीय खेल संस्थान (पटियाला) के पाठ्यक्रम में शामिल करने की संभावना पर भी विचार किया गया।
बैठक में इस सहयोग को लागू करने के लिए संयुक्त कार्य समूह गठित करने और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करने पर भी सहमति बनी।
IND-NZ-Read Also-नेपाल चुनाव में RSP की बड़ी जीत: PM मोदी ने रबी लामिछाने और बालेंद्र शाह से की फोन पर बात



