Israel Iran War: क्या इजरायल ने हेलीकॉप्टर की पेंटिंग पर कर दी बमबारी? सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

Israel Iran War: मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर एक नया विवाद सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि इजरायल ने हमले के दौरान किसी असली हेलीकॉप्टर को नहीं बल्कि जमीन पर बनी हेलीकॉप्टर की पेंटिंग को निशाना बना दिया। इस दावे के बाद इंटरनेट पर बहस तेज हो गई है और कई लोग इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

दरअसल, कुछ दिन पहले Israel Defense Forces (आईडीएफ) ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में इन्फ्रारेड कैमरे से ली गई धुंधली ब्लैक-एंड-व्हाइट फुटेज दिखाई गई, जिसमें दो अलग-अलग स्थानों पर विस्फोट होते नजर आ रहे थे। आईडीएफ का कहना था कि यह कार्रवाई ईरान की सैन्य संपत्तियों को निशाना बनाकर की गई है।

हालांकि वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई लोगों का कहना है कि वीडियो में जिस चीज़ को हेलीकॉप्टर बताया जा रहा है, वह वास्तव में जमीन पर बनी एक पेंटिंग या नकली आकृति हो सकती है। कुछ यूजर्स ने तर्क दिया कि अगर वहां असली हेलीकॉप्टर होता तो विस्फोट से पहले उसके पंखों और ढांचे में अलग तरह की गतिविधि दिखाई देती।

सोशल मीडिया पर एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि अगर यह असली हेलीकॉप्टर होता तो उसकी बनावट और गर्मी के संकेत अलग तरीके से दिखाई देते। वहीं कुछ अन्य लोगों ने दावा किया कि ईरान ने जानबूझकर जमीन पर हेलीकॉप्टर जैसी नकली आकृतियां बनाकर दुश्मन को भ्रमित करने की रणनीति अपनाई हो सकती है।

Also Read: किसी एक देश के पास न होकर विभाजित हो चुका है शक्ति का केंद्रः डॉ. जयशंकर

दूसरी ओर कुछ विशेषज्ञों और यूजर्स ने इन दावों को खारिज भी किया है। उनका कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले थर्मल सिग्नेचर और तापमान के संकेतों को केवल पेंटिंग के जरिए बनाना लगभग असंभव है। इसलिए यह संभव है कि हमला वास्तव में किसी सैन्य लक्ष्य पर ही किया गया हो।

फिलहाल इस पूरे विवाद पर आईडीएफ की ओर से कोई अतिरिक्त स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर यह बहस लगातार बढ़ती जा रही है।

बता दें कि हाल के दिनों में Israel और Iran के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। क्षेत्र में हो रहे हमलों और जवाबी कार्रवाई के कारण पूरे मध्य-पूर्व की स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। ऐसे माहौल में इस तरह के दावे और वीडियो भी वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बन रहे हैं।

Written By: Kalpana Pandey

Related Articles

Back to top button