KANNAUJ-SANSKRTI-कन्नौज:- संस्कृति, स्वाद और सुगंध का संगम बना ‘कन्नौज इत्रोत्सव–2026’

KANNAUJ-SANSKRTI-इत्र और इतिहास की नगरी कन्नौज में 14 से 16 मार्च 2026 तक बोर्डिंग ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय “कन्नौज इत्रोत्सव–2026” सुगंध, संस्कृति और परंपरा का भव्य उत्सव बनकर उभरा। इस इत्रोत्सव ने कन्नौज की सदियों पुरानी इत्र परंपरा, स्थानीय उद्योग, लोक संस्कृति और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक मंच पर प्रस्तुत करते हुए पूरे वातावरण को सुगंधित कर दिया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में इत्र उद्योग से जुड़े कारीगरों, उद्यमियों, कलाकारों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

इत्रोत्सव के दौरान प्रदर्शनी के माध्यम से कन्नौज की पारंपरिक इत्र निर्माण कला को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। विभिन्न स्टालों पर गुलाब, चमेली, बेला, मोगरा, केवड़ा, रजनीगंधा, जूही और खस जैसे फूलों से तैयार पारंपरिक अत्तर और सुगंधित तेलों का प्रदर्शन किया गया, जिससे आगंतुकों को कन्नौज की समृद्ध इत्र विरासत से परिचित होने का अवसर मिला। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिनसे लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई। सूचना विभाग द्वारा लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

इत्रोत्सव में लगाए गए फूड स्टालों पर आगंतुकों ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया, वहीं आकर्षक सेल्फी प्वाइंट पर लोगों ने यादगार तस्वीरें खींचकर उत्सव को और भी खास बनाया।

समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस इत्रोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य कन्नौज के पारंपरिक इत्र उद्योग को प्रोत्साहित करना तथा कारीगरों और उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इत्र उद्योग को बढ़ावा देने, उत्पादन और निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह इत्रोत्सव केवल इत्र उद्योग तक सीमित न रहकर कन्नौज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का उत्सव भी बन गया है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने सूचना विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी, इत्र स्टाल, फूड स्टाल तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में राम जन्म पर आधारित अवधी लोकगायन, ब्रज की फूलों वाली होली पर नृत्य एवं गायन तथा स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इत्रोत्सव–2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में सहयोग करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

Related Articles

Back to top button