Kanpur News: कांशीराम ट्रामा सेंटर में 64 मेडिकल स्टाफ नदारद, जिलाधिकारी ने वेतन रोका
Kanpur News: जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को रामादेवी स्थित कांशीराम ट्रामा सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लगभग 200 डॉक्टरों और कर्मचारियों में से 64 ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) भी निर्धारित समय सुबह आठ बजे के बजाय नौ बजे तक अस्पताल नहीं पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके चलते जिलाधिकारी ने लापरवाह कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है।
लापरवाही और अव्यवस्था उजागर
जिलाधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि निरीक्षण में पाया गया कि उपस्थिति रजिस्टर में कर्मचारियों ने अपनी मर्जी से हाजिरी दर्ज कर रखी थी। वहीं, गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में मरीज सुबह से ही ओपीडी के बाहर कतार में खड़े थे, पर डॉक्टरों की अनुपस्थिति से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अस्पताल परिसर में पीने के पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कर्तव्यहीनता पर सख्त संदेश
जिलाधिकारी ने कहा, “शासन की प्राथमिकता है कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। इसके लिए हम सभी को ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। लेकिन यहां कार्यरत कर्मचारी और डॉक्टर मनमानी कर रहे हैं, जिससे मरीजों को परेशानी हो रही है। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
Kanpur News: also read- Ghosi News: एसडीएम आनंद कनौजिया के पिता का निधन, तहसील परिसर में गमगीन माहौल
नगरीय पीएचसी कृष्णा नगर में भी गड़बड़ी
इसके बाद जिलाधिकारी ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कृष्णा नगर का भी निरीक्षण किया, जहां आठ में से केवल एक डॉक्टर—डॉ. निशा गांधी—ही उपस्थित पाईं गईं। उन्होंने रजिस्टर में फर्जी तरीके से छह मरीजों की एंट्री भी दर्ज कर रखी थी। उनके विरुद्ध भी कार्रवाई हेतु शासन को पत्राचार किया जाएगा।