Lucknow: LPG संकट पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- ‘LPG मतलब लापता गैस’
Lucknow: उत्तर प्रदेश में एलपीजी संकट को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने प्रदेश में गैस सिलेंडर की कमी और लंबी लाइनों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि आज LPG का मतलब ‘लापता गैस’ हो गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े हैं, लेकिन सरकार इस समस्या को हल करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता को सुविधा देने के बजाय केवल लाइन में खड़ा करना सिखाया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो यह दिखा रहे हैं कि लोग गैस और पेट्रोल के लिए परेशान हैं और उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
अखिलेश यादव ने सिलेंडर के वजन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर 14.2 किलो के सिलेंडर को घटाकर 10 किलो किया गया है, तो उसी हिसाब से सप्लाई बढ़ाई जानी चाहिए थी। उनके मुताबिक, सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस योजना नहीं बनाई, जिससे संकट और गहरा गया।
Also Read: Middle East Tension: ईरान संकट पर शशि थरूर नाराज, पाकिस्तान की मध्यस्थता पर उठाए सवाल
उन्होंने मौजूदा हालात की तुलना कोरोना काल से करते हुए कहा कि उस समय भी लोग जरूरी सामान के लिए लाइनों में खड़े रहते थे और आज भी वैसी ही स्थिति बनती दिख रही है।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब इन हालातों से परेशान है और आने वाले समय में इसका जवाब जरूर देगी।
Written By: Kalpana Pandey



