Lucknow: लखनऊ वालों के लिए बड़ी राहत की खबर! ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण का 13 मार्च को लोकार्पण
Lucknow: लखनऊ के लोगों के लिए ट्रैफिक से राहत की बड़ी खबर है। शहर में बन रहे ग्रीन कॉरिडोर परियोजना का दूसरा चरण पूरा हो चुका है और इसका लोकार्पण 13 मार्च को किया जाएगा। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झूलेलाल वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त रूप से इस मार्ग का उद्घाटन करेंगे। इसी कार्यक्रम में परियोजना के तीसरे और चौथे चरण की आधारशिला भी रखी जाएगी।
ग्रीन कॉरिडोर का दूसरा चरण लगभग 299 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह मार्ग डालीगंज से निशातगंज होते हुए समता मूलक चौक तक करीब सात किलोमीटर लंबा है। इसके शुरू होने से हजरतगंज, डालीगंज और निशातगंज जैसे व्यस्त इलाकों में लगने वाले लंबे जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इस रूट के चालू होने के बाद वाहन चालक गोमती नदी के किनारे बने रास्ते से बिना सिग्नल के सीधे गोमतीनगर और समता मूलक चौक तक पहुंच सकेंगे।
प्रशासन का कहना है कि जब ग्रीन कॉरिडोर के सभी चारों चरण पूरे हो जाएंगे, तो शहर के यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव दिखाई देगा। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य आईआईएम रोड को सीधे शहीद पथ और गोमतीनगर से जोड़ना है। आगामी चरणों में समता मूलक चौक से जनेश्वर मिश्र पार्क होते हुए शहीद पथ तक नया मार्ग बनाया जाएगा।
फिलहाल आईआईएम रोड से गोमतीनगर तक पहुंचने में करीब 45 मिनट से एक घंटे तक का समय लग जाता है, लेकिन ग्रीन कॉरिडोर के पूरा होने के बाद यही दूरी लगभग 15 से 20 मिनट में तय की जा सकेगी।
यह कॉरिडोर आधुनिक सुविधाओं से भी लैस होगा। सड़क के किनारे हरियाली, बेहतर स्ट्रीट लाइटिंग और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही गोमती नदी के किनारों के सौंदर्यीकरण को भी इस परियोजना से नई पहचान मिलने की उम्मीद है। 13 मार्च को होने वाले कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं।



