लखनऊ: छेड़खानी के विरोध पर घर में घुसकर मां-बेटी को पीटा, पुलिस ने दो के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाने में एक महिला ने दो शोहदों के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि पहले तो शोहदों ने उसकी बेटी से छेड़खानी की। विरोध किए जाने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मां-बेटी से मारपीट की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरु कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि गोमतीनगर की रहने वाली महिला ने आशीष यादव और हिंमाशु यादव के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि आरोपी आए-दिन उसकी बेटी से छेड़खानी करते थे। शोहदों के खौफ से बेटी ने कोचिंग जाना छोड़ दिया था। आरोप है कि गत 21 अप्रैल को शोहदों ने उनके बेटी से छेड़खानी की थी।

इस सम्बन्ध में महिला ने शोहदों के खिलाफ 1090 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को पत्रकारपुरम चौकी पर बुलाकर समझौता कर दिया था। महिला का आरोप है कि समझौता हो जाने के बाद आरोपी उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर शोहदों ने मां-बेटी को पीटकर लहूलुहान कर दिया था। इस सम्बन्ध में पीड़िता ने गोमतीनगर थाने में लिखित शिकायत दी थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button