सपा को 2027 में भी रिजेक्ट करने को तैयार बैठी है यूपी की जनता: पंकज चौधरी

Lucknow News-भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दादरी में दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पंकज चौधरी ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि अखिलेश यादव का पूरा भाषण झूठ, भ्रम, हताशा और समाज को बांटने की राजनीति का दस्तावेज़ था। जनता ने 2017 में सपा की कुशासन, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति को नकार दिया था और 2027 में भी उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को चुनने और सपा को रिजेक्ट करने को तैयार बैठी है।

श्री चौधरी ने कहा कि पीडीए के नाम पर अखिलेश यादव सामाजिक न्याय नहीं, बल्कि राजनीतिक धोखे का नया पैकेज बेच रहे हैं। जो पार्टी वर्षों तक सत्ता में रहकर गरीब, पिछड़े, दलित, किसान और नौजवान को केवल वोट बैंक समझती रही, वह आज खुद को पीड़ितों की सबसे बड़ी हितैषी बताने का नाटक कर रही है। सच्चाई यह है कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा कुछ परिवारों, कुछ चेहरों और कुछ खास वर्गों के हित को ही प्राथमिकता दी।

उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट पर समाजवादी पार्टी श्रेय लेने की कोशिश कर रही है, जबकि उत्तर प्रदेश की जनता सच्चाई जानती है। यदि समाजवादी पार्टी इतनी ही विकासवादी होती तो उसके शासनकाल में उत्तर प्रदेश निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और कानून व्यवस्था में पिछड़ा क्यों रहा? जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़ संकल्प का परिणाम है, जिसने उत्तर प्रदेश को देश के सबसे बड़े विकास इंजन के रूप में स्थापित किया है। सपा के लोग केवल फाइलों में सपने दिखाते थे, भाजपा सरकार जमीन पर परियोजनाएं उतारती है।

पंकज चौधरी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण पर सपा का बयान सुनकर प्रदेश की माताएं-बहनें आश्चर्यचकित हैं। जिस पार्टी के शासनकाल को जनता गुंडाराज, छेड़खानी, दंगों, माफियावाद और अपराध के खुले संरक्षण के रूप में याद करती है, वह आज 1090 और महिला सम्मान की बात कर रही है। भाजपा सरकार ने मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन, फास्ट ट्रैक न्याय, पुलिस भर्ती और सख्त कानून व्यवस्था के जरिए महिलाओं को सुरक्षित वातावरण दिया है। सपा के शासन में बेटी घर से निकलने से डरती थी, भाजपा के शासन में बेटी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि रोजगार और पेपर लीक पर अखिलेश यादव का बयान भी पूरी तरह पाखंड है। सपा सरकार के दौरान भर्ती प्रक्रियाएं भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार का प्रतीक थीं। भाजपा सरकार ने पारदर्शी भर्ती, निवेश, उद्योग, स्टार्टअप, एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज और डिजिटल इकोनॉमी के जरिए लाखों रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार किए हैं। जब प्रदेश बदल रहा है, तब सपा को अपना झूठ ही सहारा दिख रहा है।

श्री चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव समाज को 5% और 95% में बांटकर राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। भाजपा का स्पष्ट मत है कि उत्तर प्रदेश जातीय टकराव नहीं, सामाजिक समरसता, सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। सपा का एजेंडा समाज को तोड़ना है, भाजपा का संकल्प समाज को जोड़ना है।

उन्होंने अखिलेश यादव के “एटीएम”, “जुमला” और “झूठ” जैसे बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में भ्रष्टाचार, भूमि घोटाले, भर्ती घोटाले, गुंडागर्दी और संरक्षणवाद का एटीएम चौबीसों घंटे चलता था, उन्हें नैतिकता पर भाषण देने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए। जनता सब जानती है कि किसने प्रदेश को अराजकता दी और किसने कानून का राज स्थापित किया।

पंकज चौधरी ने कहा कि 2027 का उत्तर प्रदेश जातीय उकसावे, झूठे वादों और परिवारवादी राजनीति से नहीं, विकास, सुशासन, सुरक्षा, गरीब कल्याण और राष्ट्रवाद के आधार पर फैसला करेगा।

Related Articles

Back to top button