International News: युद्ध के माहौल में ईरान में बड़ा हादसा: न्यूक्लियर प्लांट वाले प्रांत इस्फहान में सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश, 4 की मौत
युद्ध जैसे तनावपूर्ण माहौल में ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान फल थोक बाजार में गिरा सैन्य हेलिकॉप्टर, पायलट समेत चार लोगों की मौत
International News: मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच ईरान में बड़ा हादसा हो गया। ईरानी सेना का एक हेलिकॉप्टर इस्फहान प्रांत में क्रैश हो गया। हादसा एक फल और सब्जी के थोक बाजार में हुआ, जिसमें अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में पायलट, सह-पायलट और दो स्थानीय नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं।
ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान हुआ हादसा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेना का हेलिकॉप्टर नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। इसी दौरान तकनीकी खराबी आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद हेलिकॉप्टर संतुलन खो बैठा और सीधे बाजार क्षेत्र में जा गिरा। टक्कर के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबा दूर-दूर तक फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और कुछ हिस्सों में आग भी लग गई।
न्यूक्लियर प्लांट वाले प्रांत में हादसा, बढ़ी चिंता
यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब ईरान पहले से ही अंतरराष्ट्रीय तनाव के केंद्र में है। इस्फहान प्रांत में ईरान की महत्वपूर्ण परमाणु सुविधाएं मौजूद हैं। ऐसे में न्यूक्लियर साइट वाले इलाके में सैन्य हेलिकॉप्टर का क्रैश होना सुरक्षा और रणनीतिक दृष्टि से भी गंभीर माना जा रहा है। हालांकि शुरुआती जांच में किसी बाहरी हमले या साजिश की पुष्टि नहीं हुई है।
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, सेना और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजा गया और बाजार क्षेत्र को सील कर दिया गया। अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
International News: ईरान में बढ़ते तनाव के बीच भारत अलर्ट, नागरिकों को देश छोड़ने की सलाह
हाल के दिनों में बढ़ीं सैन्य दुर्घटनाएं
गौरतलब है कि हाल के दिनों में ईरान में सैन्य विमानों से जुड़े हादसों की खबरें सामने आई हैं। कुछ दिन पहले एक लड़ाकू विमान भी प्रशिक्षण के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। ऐसे में यह ताजा हादसा ईरानी सेना की परिचालन सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है।
जांच के बाद सामने आएंगे कारण
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। तकनीकी खराबी, मानवीय त्रुटि या अन्य किसी वजह को लेकर आधिकारिक बयान आने का इंतजार है।
युद्ध जैसे तनावपूर्ण माहौल के बीच हुए इस हादसे ने ईरान में सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि यह महज एक तकनीकी दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और कारण था।



