Mau News: भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह का जोरदार स्वागत, संगठनात्मक बैठक में बूथ मजबूत करने का दिया मंत्र

मऊ दौरे पर पहुंचे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और सरकार की योजनाएं घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।

Mau News:  उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं, पुष्पवर्षा और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता छठियाव टोल प्लाजा पर एकत्र होने लगे थे। प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह के पहुंचते ही उनका काफिला छठियाव टोल प्लाजा से रवाना हुआ और मोहम्मदाबाद कैलेंडर चौराहा, शहीद चौक, खुरहट रानीपुर मोड़, मतलूपुर मोड़, मिर्जाहादीपुर और आजमगढ़-गाजीपुर तिराहा होते हुए नगर पालिका कम्युनिटी हॉल पहुंचा। रास्ते में कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।

इसके बाद नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए।

उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम तैयार करने और पार्टी के अभियानों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

रमेश सिंह ने कहा कि मजबूत बूथ ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और संगठन विस्तार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

UP Mau News: शीतला धाम विवाद! हिंदू जागरण समिति ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, मूल प्रतिमा न हटाने की उठाई मांग

बैठक को भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, सुनील कुमार गुप्ता और मुन्ना दुबे ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, पूर्व प्रत्याशी अशोक सिंह, अखिलेश तिवारी, उमेश चंद पांडेय, अरविंद कुमार सिंह, प्रवीण कुमार गुप्ता, योगेंद्रनाथ राय, दुर्गविजय राय, पूनम सरोज, जिला उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिंद्र सिंह, राघवेंद्र राय शर्मा, इंद्रदेव भारती, प्रीतुलता पांडेय, प्रतीक जायसवाल, संगीता द्विवेदी, पूजा राय, रामशरण चौहान, हिमांशु राय, कृष्णकांत राय, संजय कुमार मौर्य, रमेश दुबे, मुन्ना गुप्ता, विनय जायसवाल, सुधीर सोनकर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक का समापन संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक अभियानों को सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button