UP Mau News: DM आनंद वर्धन ने किया सॉलिड वेस्ट प्लांट का निरीक्षण, निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश

130 टीपीडी क्षमता वाले म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट प्लांट की प्रगति का लिया जायजा, गुणवत्ता बनाए रखते हुए जल्द संचालन शुरू करने पर जोर।

UP Mau News: जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र में निर्माणाधीन 130 टीपीडी (टन प्रतिदिन) क्षमता वाले म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था सी एंड डीएस (C&DS) को सभी तकनीकी औपचारिकताएं जल्द पूरी करते हुए निर्धारित समय में संयंत्र का निर्माण पूरा कर संचालन शुरू करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और गुणवत्ता मानकों से कोई समझौता न किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाकर परियोजना को जल्द से जल्द जनता के लिए उपयोगी बनाया जाए।

अधिकारियों ने बताया कि इस अत्याधुनिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में प्रतिदिन 130 टन ठोस कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इसमें 65 टीपीडी गीले कचरे को कंपोस्टिंग प्रक्रिया के माध्यम से खाद में बदला जाएगा, जबकि 45.5 टीपीडी सूखे कचरे का निस्तारण मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) के जरिए किया जाएगा। इसके अलावा 19.5 टीपीडी निष्क्रिय (इनर्ट) कचरे को वैज्ञानिक मानकों के अनुसार सेनेटरी लैंडफिल में सुरक्षित रूप से निस्तारित किया जाएगा।

UP Mau News: शीतला धाम विवाद! हिंदू जागरण समिति ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, मूल प्रतिमा न हटाने की उठाई मांग

इस परियोजना के शुरू होने से नगर क्षेत्र में ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी होगी। साथ ही स्वच्छता अभियान को भी मजबूती मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मणि भूषण मिश्रा सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button