Uttar Pradesh: मौलाना शमशुल हुदा खान पर ED का शिकंजा
संतकबीर नगर-आजमगढ़ में छापेमारी; करोड़ों की संपत्तियां जांच के दायरे में
Uttar Pradesh: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को लेकर उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर और आजमगढ़ जिलों में मौलाना शमशुल हुदा खान के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। 11 फरवरी को पीएमएलए (Prevention of Money Laundering Act) के तहत लखनऊ से पहुंची टीम ने संतकबीर नगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र और आजमगढ़ के मुबारकपुर में स्थित उनके आवास समेत कुल चार स्थानों पर छापेमारी की।
ED की शुरुआती जांच में 17 अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद होने की बात सामने आई है। इन संपत्तियों का घोषित मूल्य करीब 3 करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि एजेंसी को आशंका है कि इनकी वास्तविक बाजार कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। कुछ रिपोर्टों में कुल संपत्ति का मूल्य 33 करोड़ रुपये तक होने का अनुमान भी जताया गया है। एजेंसी को संदेह है कि ये संपत्तियां मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए अर्जित की गई हो सकती हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मौलाना शमशुल हुदा खान ने वर्ष 2013 में यूनाइटेड किंगडम की नागरिकता हासिल कर ली थी। इसके बावजूद उन्होंने 2017 तक आजमगढ़ के मदरसा अशरफिया से सरकारी वेतन लिया और वर्ष 2023 तक पेंशन भी प्राप्त की। ED अब इस पूरे मामले में सरकारी लाभ लेने के नियमों और नागरिकता से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
Also Read: Varanasi News : ‘सॉरी, फॉरगिव अस’ नोट से बढ़ा रहस्य, तेरहवीं पर काशी आए भाई-बहन की मिली लाश
एजेंसी ने मौलाना, उनकी पत्नी, बेटे और बहू के साथ ही रजा फाउंडेशन नामक एनजीओ से जुड़े चार बैंक खातों की भी जांच शुरू की है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, HDFC बैंक और SBI में संचालित इन खातों में वर्ष 2007 से 2025 के बीच करीब 5.5 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध लेनदेन एंट्री मिलने का दावा किया गया है। इसके अलावा करीब 5 करोड़ रुपये की नकद जमा भी जांच के घेरे में बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश ATS और पुलिस द्वारा दर्ज तीन FIR के आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है। एजेंसी को शक है कि विदेशी नागरिकता छिपाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाया गया और एनजीओ के जरिए संदिग्ध विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल ED संपत्तियों, बैंक ट्रांजैक्शन और संभावित विदेशी निवेशों की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।
Written By: Kalpana Pandey



