Satpura Tiger Reserve: MP में बाघों की मौत का ‘खूनी’ आंकड़ा, 54 मौतों के बाद बनी टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स
मध्य प्रदेश में बाघों की लगातार हो रही मौतों के बाद वन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। 54 बाघों की मौत के बाद सतपुड़ा में विशेष टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स बनाई जा रही है, जिसे पचमढ़ी में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
Satpura Tiger Reserve: मध्यप्रदेश, जिसे दुनिया में ‘टाइगर स्टेट’ के नाम से जाना जाता है, इन दिनों बाघों की लगातार हो रही मौतों को लेकर गंभीर संकट का सामना कर रहा है। साल 2025 में राज्य में 54 बाघों की मौत दर्ज की गई, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा माना जा रहा है। इस बढ़ते खतरे ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और बाघों की सुरक्षा को लेकर नई रणनीति बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
साल 2026 की शुरुआत भी चिंताजनक रही है। शुरुआती महीनों में ही 18 से ज्यादा बाघों की मौत की खबरें सामने आ चुकी हैं। इन मौतों के पीछे अवैध शिकार, जहर देना, करंट लगना और क्षेत्रीय लड़ाई (टेरिटोरियल फाइट) जैसे कारण बताए जा रहे हैं। कई मामलों में 24 घंटे के भीतर दो-दो बाघों की मौत ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
इसी संकट से निपटने के लिए अब वन मुख्यालय भोपाल ने बड़ा फैसला लिया है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में विशेष टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (TPF) का गठन किया गया है। इस फोर्स के लिए 24 युवाओं का चयन किया गया है, जिन्हें पचमढ़ी स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) में ‘जंगल कमांडो’ के रूप में तैयार किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ जंगल सर्च ऑपरेशन और हथियार चलाने जैसी विशेष ट्रेनिंग भी शामिल होगी।
Also Read: UP Panchayat Election 2026: UP में पंचायत चुनाव पर ब्रेक! OBC आरक्षण और वोटर लिस्ट ने बढ़ाई मुश्किल
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अब बाघों की सुरक्षा के पुराने तरीके पर्याप्त नहीं रहे हैं। इसलिए “रिएक्टिव मॉडल” यानी घटना के बाद कार्रवाई करने की बजाय “प्रोएक्टिव मॉडल” यानी पहले से खतरे को रोकने की रणनीति अपनाई जा रही है। इस नई टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स से उम्मीद की जा रही है कि अवैध शिकार और अन्य खतरों पर समय रहते काबू पाया जा सकेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो मध्यप्रदेश का ‘टाइगर स्टेट’ का दर्जा खतरे में पड़ सकता है। ऐसे में टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स की शुरुआत को बाघों की सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा और जरूरी कदम माना जा रहा है।
Written By: Kalpana Pandey



