Health & Lifestyle: लंबे, खूबसूरत और चमकदार नाखून हर लड़की की पसंद होते हैं। लेकिन अक्सर शिकायत रहती है कि नाखून बढ़ते ही टूट जाते हैं, पतले हो जाते हैं या उनमें चमक नहीं रहती। दरअसल, जैसे हम स्किन और बालों की केयर करते हैं, वैसे ही नाखूनों को भी सही देखभाल और पोषण की जरूरत होती है। अगर आप भी मजबूत और हेल्दी नाखून चाहती हैं, तो ये 5 आसान टिप्स जरूर अपनाएं।
1. सही पोषण है सबसे पहली जरूरत
कमजोर और बार-बार टूटने वाले नाखून अक्सर शरीर में पोषक तत्वों की कमी का संकेत होते हैं। अपनी डाइट में प्रोटीन, बायोटिन, विटामिन D, आयरन, जिंक और ओमेगा-3 फैटी एसिड शामिल करें। अंडा, मछली, दालें, हरी पत्तेदार सब्जियां, बादाम, अखरोट, अलसी और साबुत अनाज नाखूनों को अंदर से मजबूत बनाते हैं। संतुलित आहार लेने से नाखूनों की ग्रोथ भी बेहतर होती है।
2. नियमित ट्रिमिंग और फाइलिंग
नाखूनों को समय-समय पर हल्का ट्रिम करना जरूरी है। इससे उनकी शेप बनी रहती है और किनारों पर दरार नहीं पड़ती। फाइलर से किनारों को स्मूद करने से टूटने की संभावना कम हो जाती है। याद रखें, बहुत ज्यादा लंबा छोड़ने की बजाय सही शेप में रखना ज्यादा फायदेमंद है।
3. लहसुन से बढ़ाएं मजबूती
घरेलू नुस्खों में लहसुन को नाखूनों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद सल्फर नाखूनों की ग्रोथ को बढ़ावा देता है। आप हफ्ते में 2-3 बार लहसुन की कली को नाखूनों पर हल्के हाथ से रगड़ सकती हैं या उसका रस लगा सकती हैं। कुछ ही हफ्तों में फर्क नजर आने लगता है।
4. क्यूटिकल्स को दें भरपूर नमी
नाखूनों की जड़ यानी क्यूटिकल्स को मॉइस्चराइज रखना बेहद जरूरी है। बादाम तेल, नारियल तेल या ऑलिव ऑयल से हल्की मसाज करें। चाहें तो ऑलिव ऑयल में कुछ बूंदें नींबू रस मिलाकर 10-15 मिनट तक लगाएं। इससे नाखूनों का पीलापन कम होता है और चमक बढ़ती है।
5. नेल पॉलिश से लें थोड़ा ब्रेक
लगातार नेल पॉलिश और रिमूवर का इस्तेमाल नाखूनों को कमजोर बना सकता है। केमिकल्स से नाखून सूखे और बेजान हो जाते हैं। कोशिश करें कि बीच-बीच में नाखूनों को बिना नेल पेंट के रहने दें ताकि वे प्राकृतिक रूप से मजबूत हो सकें।
Also Read: Indian Politics: राहुल गांधी ने सुल्तानपुर कोर्ट में दर्ज कराया बयान, अमित शाह पर टिप्पणी केस में अगली सुनवाई 9 मार्च
इन आसान टिप्स को अपनाकर आप अपने नाखूनों को मजबूत, लंबा और खूबसूरत बना सकती हैं। थोड़ी सी नियमित देखभाल से आपके नाखून भी आपकी खूबसूरती में चार चांद लगा देंगे।
Written By: Kalpana Pandey