लखनऊ: ताजिया को लेकर भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने दी चुनौती, गरमाई सियासत

लखनऊ। चुनावी बेला में बिठूर के विधायक ने एक गांव में ताजिया दफन करने का जिस अंदाज में विरोध किया है। उससे सियासत गरम हो गई है। विधायक ने ऐलान किया कि यदि 19 अगस्त को यहां ताजिया दफन करने का प्रयास होगा तो वे खुद विधानसभा छोड़कर यहां बैठेंगे। यहां ताजिया नहीं, ताजिया दफन करने के इरादे दफन हो जाएंगे। सपा विधायक इरफान सोलंकी ने विधायक के इस रुख की निंदा करते हुए इसे हिंदु-मुस्लिम के बीच खाई पैदा करने वाला बयान बताया है।

मंगलवार को बिठूर से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने बिधनू थाना क्षेत्र के रौतारा गांव में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बयान दिया था। उन्होंने साफ कहा कि यह मंदिर परिसर है और यहां ताजिया दफन नहीं होने दिया जाएगा। गंगा की इस पावन भूमि को कर्बला नहीं बनने दिया जाएगा। उनके भाषण का यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। विधायक ने खुद अपने ट्विटर हैंडल पर यह वीडियो पोस्ट किया है। साथ ही इस मसले को लेकर ‘हैशटैग इंडिया विद अभिजीत सिंह सांगा’ का अभियान चलाने वालों का आभार भी जताया है। उधर, कानपुर में शहर काजी व सपा विधायक इरफान सोलंकी ने कहा कि चुनाव करीब होने के नाते इस तरह की बयानबाजी की जा रही है।

बिधनू थाने के रौतारा गांव में प्राचीन मंदिर है। मंदिर परिसर में कुछ आसामाजिक तत्व ताजिया दफन करना चाहते हैं। ग्रामीण इसका लिखित विरोध कर रहे हैं। इसलिए मैंने पुलिस प्रशासन को भी लिखित रूप से अवगत करा दिया है। मैंने जनसभा में जो कहा, उस पर कायम हूं और यहां ताजिया दफन नहीं होने दिया जाएगा…अभिजीत सिंह सांगा, विधायक, बिठूर

Related Articles

Back to top button