सीतापुर: गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार देकर राज्यपाल ने अदा की गोद भराई की रस्म

सीतापुर। प्रदेश की गवर्नर आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को सीतापुर का दौरा किया। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र अम्बरपुर का निरीक्षण कर कृषक वार्ता कार्यक्रम में शिरकत की। इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के अध्यक्ष अभय सिंह ने प्रतीक चिन्ह, कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान कानपुर के निदेशक डॉक्टर अतर सिंह ने मसाले का पौधा और डीएम विशाल भारद्वाज व कृषि विज्ञान केंद्र के उपाध्यक्ष सशक्त सिंह ने भगवान श्रीरामचंद्र की प्रतिमा भेंट कर राज्यपाल का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सुरेश सिंह ने केन्द्र द्वारा संचालित गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।

इस मौके पर पांच प्रगतिशील कृषकों, सुधा पांडे ने गौ पालन, वर्मी उत्पादन, मोटे अनाज, निमित कुमार सिंह ने मौन पालन एवं विभिन्न मौन उत्पादों, आरपी सिंह ने फलों एवं सब्जियों की खेती, उमेश चंद्र मिश्र ने औषधीय फसलों की खेती एवं आनंद कुमार कौशल ने मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, बकरी पालन एवं मशरूम उत्पादन पर गवर्नर से चर्चा की। इस मौके पर राज्यपाल ने किसानों के हित में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किए जा रहे कार्यों कि प्रशंसा करते हुए किसानों से कहा आप लोग काफी अच्छा कार्य कर रहे हैं, लेकिन कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि से जुड़े विभागों के साथ मिलकर खेती किसानी के क्षेत्र में और अधिक कार्य करने की आवश्यकता है।

राज्यपाल ने गुजरात में आम, प्याज, आलू आदि फसलों के प्रबंधन एवं निर्यात मॉडल पर चर्चा करते हुए कहा कि यहां पर भी किसानों को अपनाकर फसलों का उचित लाभ प्राप्त करना चाहिए। इस मौके पर किसानों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। इस कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने सिधौली ब्लॉक के अम्बरपुर में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में उपस्थित शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारम्भ राज्यपाल द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। उन्होंने बच्चों की पढ़ने की टेबल, दरी आदि का वितरण भी किया।

विद्यालय प्रांगण में आयोजित गोद भराई रस्म में गर्भवती महिलाओं को पोषक आहार देकर गोद भराई भी की। उन्होंने छः माह पूरा कर चुके बच्चों रितिक, वीनस आदि को खीर खिलाकर अन्नप्राशन किया। उन्होंने कार्यक्रम में आये लाभार्थियों को बाल विकास विभाग में आपूर्तित ड्राई राशन का वितरण भी किया। उन्होंने लाभार्थियों एवं गर्भवती महिलाओं से वार्ता भी की और शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं अन्य सहायता के विषय में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान राज्य सूचना आयुक्त किरन बाला चौधरी, जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर, बाल विकास परियोजना अधिकारी सिधौली रूचि वर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री नीलम शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

गवर्नर ने सरकारी व निजी संस्थाओ द्वारा लगाए गए स्टाल भी देखे

जिले के दौरे पर आईं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सिधौली क्षेत्र व अंबरपुर में हुए कार्यक्रम के बाद विद्याज्ञान स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उद्योग विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, कृषि विभाग, कृषि विज्ञान कटिया, उद्यान विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, शिव नाडर फाउंडेशन द्वारा लगाये स्टालों का निरीक्षण किया। साथ ही बीसी सखी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से वार्ता भी की। उन्होंने बीसी सखी को पीओएस मशीन का वितरण भी किया।

विद्याज्ञान विद्यालय के कांफ्रेंस हाल में 0 से 18 वर्ष की आयु वाले क्षय रोग से ग्रसित बच्चों को गोद लेने वाली सस्थाओं विनोद बक्सी मेमोरियल चैरिटेबिल ट्रस्ट, गॉधीनगर, सिधौली, रेडक्रास सोसाइटी, राज एजुकेशनल एण्ड सोशल डवलपमेंट सो0, संजीवन संस्था, सीतापुर के प्रतिनिधियों को राज्यपाल ने प्रशस्ति पत्र भी वितरित किया। एक जनपद एक उत्पाद योजना के अन्तर्गत जनपद के चयनित उत्पाद दरी उद्योग के संचालकों के साथ वार्ता भी की। शिक्षा के क्षेत्र में शिव नाडर फाउंडेशन एवं विद्याज्ञान विद्यालय द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना भी की। इस दौरान राज्य सूचना आयुक्त किरन बाला चौधरी, जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अक्षत वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा मधु गैरोला, बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

चाक चौबंद रही सुरक्षा

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क था। राज्यपाल के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का खाका पुलिस ने पहले ही खींच लिया था। एसपी आरपी सिंह ने कार्यक्रम क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी थी। एसपी आरपी सिंह स्वयं मौजूद रहे। इसके अलावा अन्य पुलिस अधिकारियों के अलावा कई थानों की पुलिस फोर्स, पीएसी आदि लगी हुई थी।

Related Articles

Back to top button