लखनऊ: आधी रात में लुटेरों ने बोला धावा, महिला के सिर पर किया रॉड से वार

लखनऊ। चिनहट थाना क्षेत्र के नौबस्ता सूर्या विहार कालोनी में शुक्रवार की बीती देर रात को चार बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। बदमाशों के घुसते ही आवाज हुई तो महिला की नींद खुल गयी और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे बदमाशों ने लोहे की राड से उसके सिर पर हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। थाना प्रभारी चिनहट ने बताया कि नौबस्ता सूर्या विहार निवासी मिथिलेश तिवारी के पति ओम प्रकाश का देहांत हो चुका है। मिथिलेश बेटी और बेटे के साथ रहती हैं।

मिथिलेश मिथलेश ने बताया कि वह बेटी के साथ सो रहीं थीं। रात तीन बजे करीब दरवाजे को पीटे जाने की आवाज हुई। दरवाजा खोलते ही चार बदमाश गेट पर नजर आए, जिन्हें देखकर झट से दरवाजा बंद कर दिया। बदमाशों ने धक्का दिया और घुस आए। इस बीच बेटी प्रियंका की नींद भी खुल गई। मिथिलेश ने बदमाशों का विरोध कर मदद को शोर मचाने लगीं। तब तक प्रियंका ने पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर दिया। लूट की कोशिश में नाकाम होने पर बदमाशों ने डंडे से मिथिलेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे महिला का सिर फट गया, वह लहूलुहान हो गईं। मां-बेटी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मदद को दौड़े, लेकिन बदमाश घर की बाउंड्रीवाल फांद कर भाग निकले।

सीमा विवाद में उलझी पुलिस

इस घटना की जानकारी होते ही दो थानों की पुलिस सीमा विवाद में भी उलझ गयी। दरअसल नौबस्ता कला गांव स्थिति सूर्या विहार कॉलोनी चिनहट थाना क्षेत्र में है। लेकिन इस थाने की पुलिस का कहना था ये मामला इंदिरा नगर थाना क्षेत्र का है, जबकि इंदिरा नगर पुलिस का कहना था कि ये मामला चिनहट थाना क्षेत्र का है। लेकिन बाद में फिर रिपोर्ट चिनहट थाने में दर्ज की गयी।

घायल महिला को लोहिया में कराया गया भर्ती

बदमाशों के हमले में घायल हुई पीड़ित महिला को पुलिस ने इलाज के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। चिनहट थाना प्रभारी ने बताया कि घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां डॉक्टरों ने हालात बेहतर बतायी है।

Related Articles

Back to top button