नकारात्मक राजनीति करती है भाजपा : वीरपाल यादव

लखनऊ। भाजपा समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। वह समाज के एक पक्ष के खिलाफ भावनाएं भड़काकर दूसरे पक्ष का वोट हासिल करती है। यह नकारात्मक राजनीति है। लखनऊ पहुंचे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व राज्यसभा सदस्य वीर पाल सिंह यादव ने यह विचार व्यक्त किए। सामाजिक परिवर्तन यात्रा के प्रभारी वीरपाल सिंह ने अमृत विचार से वर्तमान चुनावी माहौल, गठबंधन व रथ यात्रा पर चर्चा की।

बताया कि पहले चरण की रथ यात्रा में छह जिलों की जनता का भरपूर समर्थन मिला। जनता चाहती है कि सभी विपक्षी दल एक साथ आकर भाजपा को हटाएं। भ्रष्टाचार, मंहगाई, बेरोजगारी और किसानों की निर्मम हत्या जैसे मुद्दे को लेकर कुछ राजनैतिक दल ध्यान हटाने का प्रयास कर रहे थे, इसलिए यह यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। यात्रा में कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम के शामिल होने के प्रश्न पर कहा कि आचार्य प्रमोद कृष्णम प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के मित्र हैं और उन्होंने मित्र धर्म का पालन किया।

गठबंधन पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में हमेशा संभावना बनी रहती है। सपा व बसपा एक दूसरे के कट्टर विरोधी होने के बावजूद 2019 में गठबंधन कर चुनाव लड़े। सपा व भागीदारी मोर्चा से प्रसपा के गठबंधन की संभावना पर कहा कि शिवपाल पहले ही कह चुके हैं कि समान विचारधारा के दल भाजपा के खिलाफ एकजुट हों। गठबंधन के सवालों पर उन्होंने कहा कि राजनीति में संभावनाएं हमेशा बनी रहती हैं।

Related Articles

Back to top button